अयोध्या से सीता के मायके जाने वाली ट्रेन जयनगर में 2 घंटे क्यों रुकेगी? जानिए इस स्टेशन पर क्या होगा

अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम जाने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस में यात्रियों को बिहार के जयनगर स्टेशन पर करीब दो घंटे रुकना होगा. यह सामान्य स्टॉपेज नहीं है. यहां भारत से नेपाल जाने वाले यात्रियों के दस्तावेज और सामान की जांच की जाएगी. कस्टम विभाग के साथ सशस्त्र सीमा बल (SSB), रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवान भी जांच प्रक्रिया में शामिल रहेंगे.
जयनगर में ही क्यों होगी जांच?
सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या से चलकर उत्तर प्रदेश और बिहार के कई शहरों से गुजरने के बाद जयनगर पहुंचेगी. बिहार के मधुबनी जिले में स्थित जयनगर भारत का आखिरी स्टेशन है, जहां से ट्रेन नेपाल के जनकपुर धाम की ओर जाएगी.
क्या जयनगर में इमिग्रेशन जांच भी होगी?
यहां एक जरूरी बात समझनी होगी. जयनगर में कस्टम और सुरक्षा एजेंसियों की जांच की व्यवस्था है, लेकिन फिलहाल यहां ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन (BoI) की इमिग्रेशन क्लियरेंस सुविधा चालू नहीं है.
वापसी में कितना समय रुकेगी ट्रेन?
- अयोध्या से जनकपुर: ट्रेन मंगलवार सुबह 8:30 बजे जयनगर पहुंचेगी और सुबह 10:30 बजे रवाना होगी. ठहराव दो घंटे का होगा.
- जनकपुर से अयोध्या: ट्रेन शनिवार दोपहर 2:10 बजे जयनगर पहुंचेगी और दोपहर 3:10 बजे रवाना होगी. इस तरफ ठहराव एक घंटे का होगा.
कब से शुरू होगी नियमित ट्रेन सेवा?
सरयू-कमला एक्सप्रेस को 23 नवंबर 2026 को हरी झंडी दिखाई गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को रवाना किया. इसकी नियमित यात्री सेवा 28 नवंबर से शुरू होनी है.
ट्रेन करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करके अयोध्या और जनकपुर धाम को जोड़ेगी. इसका ठहराव अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर में होगा.



