मध्यप्रदेश

सागर शराब कांड के बाद शिवपुरी में महिलाओं का ‘शराबबंदी मोर्चा’, दुकान का शटर तोड़ शराब नाले में फेंकी; ढाबे पर सुराप्रेमियों को खदेड़ा

 सागर के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद शिवपुरी में शराबबंदी की मांग को लेकर महिलाओं का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। पिछले चार दिनों से अलग-अलग गांवों में महिलाएं शराब दुकानों के खिलाफ मोर्चा खोल रही हैं। शुक्रवार को चार गांवों में महिलाओं ने शराब के खिलाफ प्रदर्शन और कार्रवाई की। पचावली में महिलाओं ने सरकारी शराब दुकान का शटर तोड़कर अंदर रखी शराब की पेटियां बाहर निकालीं और नाले में फेंक दीं।

इसके बाद महिलाएं माढ़ा बस स्टैंड पहुंचीं। यहां राजपूत ढाबे पर शराब पी रहे लोगों को वहां से खदेड़ दिया गया। महिलाओं ने मौके पर मिली शराब और बीयर की बोतलें फोड़ दीं। इसके बाद ढाबे का सामान सड़क पर रख देने से मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई।

पांच घंटे सड़क पर डटी रहीं महिलाएं

चंदावनी के मजरा श्रीवरी गांव में आदिवासी महिलाओं ने कच्ची शराब के खिलाफ सड़क पर जाम लगा दिया। महिलाएं शराबबंदी की मांग को लेकर करीब पांच घंटे तक सड़क पर बैठी रहीं। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें समझाने का प्रयास करती रही, लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी रहीं।

शिवपुरी में लगातार हो रहे इन विरोध प्रदर्शनों के बीच पुलिस ने शराब दुकानों और उपद्रव की घटनाओं को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इसके बावजूद महिलाओं के प्रदर्शन थमने के बजाय अलग-अलग इलाकों में सामने आ रहे हैं।

50 पर एफआईआर,  सरपंच समेत 15 गिरफ्तार

इससे पहले गुरुवार को ग्राम अमोलपठा में लाइसेंसी कंपोजिट शराब दुकान में घुसकर तोड़फोड़ और आग लगाने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान पुलिस और आबकारी टीम के साथ मारपीट भी की गई।

यह भी पढ़ें- सागर कांड के बाद शिवपुरी में फूटा महिलाओं का आक्रोश, शराब दुकानों पर बोला धावा; पुलिसकर्मियों ने लाठी फटकारी तो दौड़ाकर पीटा

मामले में दो सरपंच और एक जनपद पंचायत सदस्य समेत 21 लोगों को नामजद किया गया है। वहीं, 30-35 अज्ञात महिलाओं समेत कुल 50 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने अब तक 15 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

भीम आर्मी के बैनर तले थाने पहुंचीं महिलाएं

मनपुरा और भौंती में शराब दुकान पर हमला और लूटपाट की धाराओं में एफआईआर दर्ज होने के विरोध में भी महिलाएं थाने पहुंचीं। भीम आर्मी के बैनर तले महिलाओं ने भौंती थाने पहुंचकर सामूहिक गिरफ्तारी देने की कोशिश की। पुलिस ने फिलहाल महिलाओं को गिरफ्तार नहीं किया और मामले की जांच का हवाला दिया।

Related Articles

Back to top button