जबलपुर में कार की टक्कर से पलटी स्कूल वैन, आठ बच्चे घायल; सड़क पर मची अफरा-तफरी

शहर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सड़क हादसे में स्कूल वैन पलट गई। गढ़ा मुख्य मार्ग पर धन्वंतरि नगर चौकी क्षेत्र में स्कूल वैन की एक अर्टिगा कार से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि वैन सड़क पर पलट गई और उसमें सवार आठ बच्चे घायल हो गए।
बच्चों को अस्पताल पहुंचाया
टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग दौड़कर आए और तत्काल वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे पार्षद जीतू कटारे ने घायल बच्चों को मेडिकल अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बच्चों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।
बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी स्कूल वैन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कूल वैन संजीवनी नगर क्षेत्र से बच्चों को उनके घर छोड़ने के लिए निकली थी। वैन गढ़ा रोड से धन्वंतरि नगर रोड की ओर जा रही थी। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर अर्टिगा कार से उसकी टक्कर हो गई।
हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। दुर्घटना के कारणों और दोनों वाहनों की स्थिति की जांच की जा रही है।



