सबसे बड़ी टेंशन होगी खत्म! बिना iCloud स्टोरेज के WhatsApp Chats होंगी बैकअप?

WhatsApp पर यूजर्स के बेहतर एक्सपीरियंस के लिए नए-नए फीचर्स आते रहते हैं, अब पता चला है कि कंपनी iPhone चलाने वालों को जल्द एक नया फीचर दे सकती है. कंपनी एक नए क्लाउड बैकअप ऑप्शन पर काम कर रही है, जिससे Apple की iCloud सर्विस पर निर्भरता कम हो सकती है, ऐसा कहा जा रहा है कि इस फीचर के आने से यूज़र्स को iCloud के बजाय WhatsApp के सर्वर पर चैट बैकअप स्टोर करने की सुविधा मिलेगी जिससे उन्हें एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की सुरक्षा भी मिलेगी. यह फ़ंक्शन अभी भी डेवलपमेंट में है और अभी तक बीटा टेस्टिंग के लिए उपलब्ध नहीं है. कुछ समय पहले सामने आई रिपोर्ट्स में इस बात का जिक्र था कि WhatsApp Android यूज़र्स के लिए भी ऐसा ही एक बैकअप ऑप्शन तैयार किया जा रहा है.
iPhone यूजर्स के लिए 2 ऑप्शन्स
व्हाट्सऐप डेवलपमेंट पर नजर रखने वाली साइट WABetaInfo की एक पोस्ट के अनुसार, आने वाला फ़ीचर iOS बीटा वर्जन 26.28.10.16 में देखा गया है. पब्लिकेशन का कहना है कि आईफोन यूज़र्स आखिरकार चैट बैकअप कॉन्फिगर करते समय iCloud और WhatsApp की बैकअप सर्विस में से चुन पाएंगे. iCloud डिफ़ॉल्ट बैकअप ऑप्शन बना रहेगा, जबकि यूज़र्स WhatsApp की बैकअप सर्विस पर स्विच कर पाएंगे और कभी भी iCloud पर वापस आ पाएंगे.
WhatsApp देगा इतने GB फ्री क्लाउड स्टोरेज
व्हाट्सऐप से चैट बैकअप के लिए 2GB फ़्री क्लाउड स्टोरेज मिलने की उम्मीद है. इससे यूज़र्स फोटो, फाइल, डिवाइस बैकअप और दूसरे एप्लिकेशन के लिए अपना iCloud स्टोरेज रिज़र्व कर पाएंगे. वहीं, एपल 5GB फ़्री iCloud स्टोरेज देता है जिसे फ़ोटो, फाइल, डिवाइस बैकअप और एप्लिकेशन के बीच शेयर किया जाता है. बड़े WhatsApp बैकअप उस जगह को तेजी से खा सकते हैं, जिससे यूज़र्स को स्टोर किया गया डेटा हटाना पड़ सकता है या पेड iCloud स्टोरेज प्लान लेना पड़ सकता है. कंपनी उन यूज़र्स के लिए पेड स्टोरेज ऑप्शन भी लेकर आ सकती है जिन्हें ज्यादा क्लाउड स्टोरेज चाहिए. कंपनी 1TB ऑप्शन के अलावा 50 जीबी प्लान की टेस्टिंग कर रही है जिसके लिए लगभग 0.99 डॉलर (लगभग 95 रुपए) प्रति महीने चुकाने पड़ सकते हैं.



