भोपाल में ऑनर किलिंग: सगाई के बाद प्रेमी से बात करती थी किशोरी, मां-मामा ने गला घोंटकर मार डाला; गुमराह करने रची झूठी कहानी

शहर के पिपलानी थाना क्षेत्र में ऑनर किलिंग की हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां सगाई के बाद भी प्रेमी से बात करने पर एक किशोरी की उसकी मां और मामा ने गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उन्होंने अपराध करना भी स्वीकार लिया है।
पिता ने कई साल पहले छोड़ा
पुलिस के अनुसार 17 वर्षीय आयुषी अपनी मां कमला राय के साथ पिपलानी के 60 क्वार्टर क्षेत्र में रहकर घरों में चौका-बर्तन का काम करती थी। वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। पिता कई साल पहले परिवार छोड़कर चले गए थे। तबसे मामा विजय राय उनके साथ रह रहा है, जो बसों में कंडक्टरी करता है।
छह माह पहले हुई थी सगाई
छह महीने पहले परिवार ने आयुषी की सगाई कर दी, लेकिन उसे कोई और युवक पसंद था और वह अपने प्रेमी से ही शादी करना चाहती थी। इसे लेकर आए दिन घर में विवाद होता था। 26 अगस्त की दोपहर बड़ा भाई काम पर गया था, बड़ी बहन ससुराल में थी। तभी मां कमला ने आयुषी के फोन में उसके प्रेमी के साथ घूमने के फोटो देख लिए।
उल्टी-दस्त से बताई मौत
पहले तो कमला ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन आयुषी नहीं मानी तो भाई विजय के साथ मिलकर तौलिया से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। आरोपितों ने दूसरों को गुमराह करने के लिए शुरुआत में उल्टी-दस्त से उसकी मौत की कहानी गढ़ी और अंतिम संस्कार की तैयारी कर ली।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आया सच
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली तो उसने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में किशोरी की गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई। पिपलानी थाना प्रभारी चंद्रिका सिंह यादव ने बताया कि रविवार को दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है।



