राज्यबिहार

सिंदूर धोया, मंगलसूत्र तोड़ा और पहुंच गई मायके… परेशान युवक ने लगाई फांसी, 8 दिन पहले हुआ था प्रेम विवाह

Bihar Youth Suicide: बिहार के मुजफ्फरपुर में काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के गन्नीपुर ठाकुर टोला से सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां किराये के मकान में रह रहे 19 वर्षीय युवक विकास कुमार ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. विकास मूल रूप से समस्तीपुर जिले के पूसा रोड का रहने वाला था और अपनी मां व सौतेले पिता के साथ यहां रहता था.

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, विकास ने 9 अगस्त को मोहल्ले की ही एक युवती से प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई थी. बताया जा रहा है कि शादी के महज आठ दिन बाद सोमवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ.

सिंदूर धोया, मंगलसूत्र तोड़ा और मायके चली गई पत्नी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विवाद के बाद विकास की पत्नी ने अपने सिर का सिंदूर धो दिया और मंगलसूत्र तोड़कर फेंक दिया. इसके बाद वह विकास को छोड़कर अपने मायके चली गई. पत्नी के इस कदम से विकास कथित तौर पर काफी आहत हो गया. पत्नी के घर से निकलने के कुछ देर बाद विकास ने खुद को कमरे में बंद कर लिया. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई. लोगों ने दरवाजा खोलकर देखा तो विकास फंदे से लटका हुआ था. पड़ोसियों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

पड़ोसी किरायेदार बुधन देवी ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से विकास परेशान रहता था और घर में लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई थी. विकास बिजली मिस्त्री का काम करता था. विकास का परिवार करीब 15 वर्षों से गन्नीपुर स्थित आईटीआई परिसर में रह रहा था. करीब दो महीने पहले प्रशासन ने परिसर में अवैध रूप से रह रहे लोगों को वहां से खाली कराया था. इसके बाद विकास ने गन्नीपुर में ही किराये का मकान ले लिया था. घटना की सूचना मिलते ही काजीमोहम्मदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली.

पुलिस पूरे मामले की कर रही हैं जांच
थानाध्यक्ष के अनुसार, परिजन शव को लेकर कहीं चले गए थे. शाम में शव वापस आने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. प्रेम विवाह के बाद दोनों परिवारों के बीच चल रहे विवाद और युवक के आत्मघाती कदम के पीछे की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है. महज आठ दिन पहले शुरू हुई प्रेम की कहानी का इस तरह दर्दनाक अंत पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.

Related Articles

Back to top button