
CM Nayab Saini: शुक्रवार, 25 अक्टूबर को हरियाणा में बीजेपी विधायक हरविंदर कल्याण को स्पीकर चुना गया। नए विधानसभा अध्यक्ष को बधाई के दौरान सदन में भूपेंद्र हुड्डा और अनिल विज में दिलचस्प बातचीत हुई।
CM Nayab Saini: हरियाणा में शुक्रवार (25 अक्टूबर) को नवनिर्वाचित विधायकों को 15वीं राज्य विधानसभा के सदस्य के तौर पर शपथ दी गई। वहीं, सर्वसम्मति से बीजेपी विधायक हरविंदर कल्याण को हरियाणा विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया। सदन में पहले दिन बहुत कुछ हुआ। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सामने भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्य के मंत्री और बीजेपी नेता अनिल विज से कुछ कहा, जिसके बाद तीनों नेता हंसते हुए दिखे।
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, कांग्रेस विधायक भूपेंद्र सिंह हुड्डा, मंत्री अनिल विज और अन्य कई नेताओं ने हरियाणा विधानसभा के नवनिर्वाचित स्पीकर हरविंदर कल्याण को बधाई दी। इसी दौरान स्पीकर के आसन के पास भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अपने धुर विरोधी नेता अनिल विज से भी मुलाकात हुई.
अनिल विज से भूपेंद्र हुड्डा ने क्या कहा?
इस दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्य के ट्रांसपोर्ट मंत्री से मजाकिया लहजे में कुछ कहा, जिसे अनिल विज ने हाथ के इशारे से नकार दिया। फिर तीनों नेता ने मुस्कुराना शुरू किया। ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है.
हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान अनिल विज अक्सर अपने प्रतिद्वंद्वी भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तंज कसते हुए नजर आते थे। प्रचार अभियान के दौरान वे भ्रष्टाचार सहित कई अन्य मुद्दों पर कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्रियों को घेरते दिखते थे। लेकिन दोनों नेता शुक्रवार को सदन में मिले तो शायद कुछ देर के लिए पुरानी बातों को भूल गए।
हरविंदर कल्याण बने स्पीकर
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सदन में स्पीकर के लिए हरविंदर कल्याण का नाम प्रस्ताव किया, जिसका बीजेपी विधायक रणबीर गंगवा ने समर्थन किया। कल्याण तीन बार करनाल जिले के घरौंडा से विधायक रहे हैं। कल्याण को विधानसभाध्यक्ष चुने जाने से पहले, प्रोटेम स्पीकर और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रघुवीर सिंह कादियान ने 90 सदस्यीय विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दी।