
अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने रविवार को एक व्यक्ति की गिरफ्तारी और एक एके-47 राइफल, एक मैगजीन, जिंदा कारतूस और दो हथगोले बरामद करने के साथ कथित अवैध हथियार और विस्फोटक आपूर्ति नेटवर्क का भंडाफोड़ करने का दावा किया।
डीजीपी गौरव यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी कथित तौर पर विदेशी तस्करों से जुड़ा हुआ था और अवैध हथियारों की खरीद में शामिल था।
आरोपी की पहचान तरनतारन के चीमा खुर्द गांव निवासी बब्बा के रूप में हुई है।
अमृतसर ग्रामीण पुलिस द्वारा चार दिनों में असॉल्ट राइफल की बरामदगी की यह दूसरी घटना है। पुलिस ने 30 सितंबर को एक दंपति सहित तीन लोगों के पास से एक एके-47, एक एके-56, चार मैगजीन, जिंदा कारतूस और 10 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की थी।
इस मामले में आरोपियों की पहचान भरर गांव निवासी संदीप सिंह (32), उसकी पत्नी कमलजीत कौर और उसके बहनोई घुमनपुरा निवासी विक्रमजीत सिंह (23) के रूप में हुई है।
डीजीपी ने बताया कि शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गरिंदा पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसके बैकवर्ड और फारवर्ड लिंकेज स्थापित करने के लिए आगे की जांच चल रही है।



