एसपी के निशाने पर जानू-बेबी और एके-47 लिखी बाइकें, चेकिंग अभियान में शिवहर पुलिस का एक्शन

शिवहर की सड़कों पर अब अश्लील और भड़काउ शब्द लिखवाकर चलने, लहेरियाकट बाइकर्स व परिवहन नियमों की अनदेखी करने व सड़क पर स्टंट करने वाले बाइकर्स की अब खैर नहीं।

शनिवार को एसपी शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान जानू, बेबी व एके-47 सहित भड़काउ शब्द लिखवाकर घूमने वाले 13 मनचले पकड़े गए। साथ ही उनकी बाइक भी जब्त की गई।

एसडीपीओ अनुशील कुमार, साइबर डीएसपी ईशानी सिन्हा, ट्रैफिक डीएसपी भाई भारत, नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा, इंस्पेक्टर मंजर आलम, फतेहपुर थानाध्यक्ष राधे श्याम, एसआई नरेंद्र कुमार समेत कई थानों की पुलिस टीम के साथ एसपी शैलेंद्र सिंह ने शनिवार को शहर के जीरोमाइल चौक पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया।

इस दौरान एसपी ने खुद वाहनों के कागजात की जांच की। परिवहन नियमों के उल्लंघन के आरोप में कुल 85 वाहन जब्त किए गए। साथ ही 2 लाख  हजार 500 का जुर्माना किया गया।

वाहन जांच के दौरान कार व बाइक पर बेबी, जानू व एके-47 लिखा देखकर एसपी हैरान हो गए। एसपी ने खुद युवकों को फटकार लगाते हुए वाहन को जब्त करने का आदेश दिया। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन को जब्त कर थाना भेजा।

फैशन नहीं, अपराध का बढ़ावा

एसपी ने कहा कि सड़क पर स्टंट, अश्लील या भड़काऊ शब्द लिखवाकर घूमने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी और किया भी जा रहा है। ये फैशन नहीं, अपराध को बढ़ावा देना है।

इन दिनों बिहार में बढ़ते आपराधिक घटना को देखते हुए एसपी खुद वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस-प्रशासन लिखा, पुलिस का लोगा लगा व सरकारी वाहन की भी जांच की गई।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान 13 मनचलों व असमाजिक तत्वों को डिटेन किया गया। जिनके विरुद्ध धारा बीएनएसएस की 126 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

↑
Exit mobile version