गोपालगंज में पति ने साथ रखने से किया इनकार, सड़क पर कॉलर पकड़कर घसीटने लगी नाराज पत्नी

शादी के दो साल बाद पति ने पत्नी को साथ रखने से इनकार किया तो मामला सड़क पर पहुंच गया।

शनिवार को शहर के कचहरी रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गुस्से में आई पत्नी ने पति का कॉलर पकड़ लिया और उसे घसीटते हुए अपने साथ ले जाने लगी।

मौके पर मौजूद स्वजन ने बीच-बचाव कर किसी तरह पति को छुड़ाया। इसके बाद दोनों पक्ष फिर से सखी वन स्टॉप सेंटर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, कटेया थाना क्षेत्र के नटवा गांव निवासी युवक की शादी वर्ष 2024 में निजामत गुरियाव गांव की युवती से हुई थी।

शादी के बाद कुछ दिनों तक सब कुछ सामान्य रहा। हालांकि, बाद में पति ने पत्नी को साथ रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद पत्नी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सखी वन स्टॉप सेंटर में शिकायत दर्ज कराई थी।

शुक्रवार को मामले की दूसरी सुनवाई के दौरान पति-पत्नी अपने-अपने स्वजन के साथ केंद्र पहुंचे थे। सुनवाई के दौरान पत्नी ने पति और उसके घरवालों पर दहेज में जमीन की मांग पूरी नहीं होने पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।

वहीं, पति ने पत्नी पर अजीबोगरीब व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब उस पर भूत का असर होता है तो वह उसकी और उसकी मां की गर्दन दबाने लगती है। ऐसी स्थिति में वह उसे अपने साथ नहीं रखना चाहता। दोनों पक्षों की बातें सुनने के बाद केंद्र के पदाधिकारियों और कर्मियों ने अगली तारीख पर फिर से बुलाया।

इसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर जाने लगे। इसी दौरान कचहरी रोड पर पत्नी की नजर पति पर पड़ गई। पति के साथ नहीं रहने की बात से नाराज पत्नी ने उसका कॉलर पकड़ लिया और घसीटते हुए ले जाने लगी। इस दौरान दोनों परिवारों के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।

कलेक्ट्रेट परिसर से कचहरी रोड तक हंगामा

पति-पत्नी के बीच विवाद केवल कचहरी रोड तक ही सीमित नहीं रहा। इससे पहले सखी वन स्टाप सेंटर से बाहर निकलते समय भी दोनों आपस में उलझ गए थे।

वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों को शांत कराया। हालांकि, कुछ ही देर बाद कचहरी रोड पर फिर से दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

इस दौरान काफी देर तक सड़क पर लोगों की भीड़ जुटी रही और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में दोनों पक्ष फिर से सखी वन स्टॉप सेंटर पहुंचे, जहां कर्मियों की ओर से आपसी समझौते का प्रयास किया गया। दंपती की अभी कोई संतान नहीं है।

↑
Exit mobile version