भागलपुर-आनंद विहार विक्रमशिला एक्सप्रेस के समय में संशोधन! अब लगेंगे 19 घंटे 40 मिनट, नई समय-सारणी और शेड्यूल समझ लें

Vikramshila Express Timetable Changed Bhagalpur-Anand Vihar: भागलपुर से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल) के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की पसंदीदा और प्रतिष्ठित ट्रेन संख्या 12367 भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल विक्रमशिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस सहित फरक्का एक्सप्रेस की समय-सारणी में संशोधन किया है।

नए संशोधन के अनुसार, भागलपुर से अपने निर्धारित समय सुबह 11:55 बजे प्रस्थान करने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस अब आनंद विहार टर्मिनल पर 15 मिनट देरी से पहुंचेगी। अब तक यह ट्रेन अगले दिन सुबह 7:20 बजे आनंद विहार पहुंचती थी, लेकिन अब इसके पहुंचने का नया समय सुबह 7:35 बजे निर्धारित किया गया है।

15 मिनट बढ़ा यात्रा का समय, अब लगेंगे 19 घंटे 40 मिनट

समय में किए गए इस बदलाव के चलते विक्रमशिला एक्सप्रेस से दिल्ली पहुंचने में लगने वाला कुल समय बढ़ गया है। पूर्व में भागलपुर से आनंद विहार की दूरी तय करने में ट्रेन को कुल 19 घंटे 25 मिनट का समय लगता था, जो अब बढ़कर 19 घंटे 40 मिनट हो गया है।

सुपरफास्ट श्रेणी में आने के बावजूद विक्रमशिला एक्सप्रेस की रफ्तार में यह कमी यात्रियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि इसी रेलखंड पर भागलपुर से आनंद विहार जाने वाली भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ सुपरफास्ट एक्सप्रेस अपनी यात्रा महज 19 घंटे 05 मिनट में पूरी कर लेती है, जबकि विक्रमशिला एक्सप्रेस अब उससे 35 मिनट अधिक समय लेगी।

फरक्का एक्सप्रेस की समय-सारणी में भी संशोधन

विक्रमशिला एक्सप्रेस के साथ-साथ रेलवे ने मालदा टाउन से दिल्ली/भटिंडा जाने वाली फरक्का एक्सप्रेस की समय-सारणी में भी संशोधन लागू किया है। परिचालन समय में किए गए इस फेरबदल से भागलपुर, कहलगांव, सुलतानगंज, बरियारपुर, जमालपुर और किऊल रेलखंड के यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना नए समय के अनुसार बनानी होगी। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) अथवा 139 रेल हेल्पलाइन पर समय-सारणी की पुष्टि अवश्य कर लें।

↑
Exit mobile version