सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान शुरू, 10,748 शिक्षक मतदाता करेंगे 18 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला

बिहार विधान परिषद चुनाव: सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम के बीच सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया।

सुबह से मतदाता कतार में लगकर अपने मताध‍िकार का प्रयोग करते नजर आए। मतदान केंद्रों पर गहमागहमी है। साथ ही चुनाव परिणाम पर भी अभी से चर्चा शुरू हो गई है।

चुनाव में पांच जिलों के 98 मतदान केंद्रों पर कुल 10,748 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चुनाव में 18 प्रत्याशी मैदान में हैं।

सारण जिले में 20 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3,824 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 3,076 पुरुष और 748 महिला मतदाता शामिल हैं।

जदयू, राजद और जन सुराज के प्रत्याशियों पर नजर

चुनाव में जदयू के इं. आनंद पुष्कर, राजद के डा. जयराम यादव और जन सुराज पार्टी के आफाक अहमद समेत कुल 18 प्रत्याशी मैदान में हैं।

इनके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। शिक्षक मतदाताओं के मत से प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा।

शाम चार बजे तक होगा मतदान

मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित है। सारण जिले के 20 मतदान केंद्रों पर मतदान की व्यवस्था की गई है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं की भागीदारी और मतदान प्रतिशत पर भी नजर रहेगी।

27 अक्टूबर को होगी मतगणना

मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को सुरक्षित रखा जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर को छपरा के राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में होगी। इसके बाद सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचित प्रतिनिधि को लेकर तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।

↑
Exit mobile version