कन्या भोज के दौरान 500 रुपये चोरी के शक में नाबालिग लड़कियों को पीटने के आरोप में इंदौर के रिटायर्ड टीचर के खिलाफ मामला दर्ज

इंदौर में एक सेवानिवृत्त शिक्षक ने नवरात्रि के दौरान अपने घर में आमंत्रित नाबालिग लड़कियों की कथित तौर पर पिटाई की और 500 रुपये चोरी करने के संदेह में उन्हें बंधक बना लिया।

उन्होंने बताया कि महिला के खिलाफ मारपीट और गलत तरीके से बंधक बनाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि आरोपी की पहचान एमआईजी थाना क्षेत्र में रहने वाली सेवानिवृत्त शिक्षिका अनीता के रूप में हुई है और उसने नवरात्रि के अवसर पर कन्या भोज के लिए मंगलवार को आठ से 11 साल की सात लड़कियों को अपने घर बुलाया था।

उन्होंने नाबालिगों में से एक के परिवार के सदस्य द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि अनुष्ठान के दौरान 500 रुपये का एक लिफाफा गायब होने के बाद, लड़कियों को कथित तौर पर पीटा गया और चोरी के संदेह में घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया।

अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 127 (गलत तरीके से बंधक बनाना) और 115 (हमला) के तहत मामला दर्ज किया है और मामले की जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा, ”घटनास्थल के पास सीसीटीवी फुटेज और स्वतंत्र गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चोरी के संदेह में लड़कियों को कथित तौर पर निर्वस्त्र किए जाने की खबरों पर पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्राथमिकी में ऐसी कोई घटना दर्ज नहीं की गई है।

↑
Exit mobile version