
दिल्ली से दरभंगा का सफर कर रहे यात्री उस वक्त गहरी नींद में थे। शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर अचानक जोरदार टक्कर की आवाज गूंजी। अंबेडकरनगर के जैतपुर थाना क्षेत्र में अम्बरपुर टोल प्लाजा के पास AC स्लीपर बस आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के दौरान ट्रेलर से भिड़ गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि करीब 40 फीट लंबी बस का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
नींद में थे यात्री, अचानक मच गई चीख-पुकार
बताया गया कि बस ‘तिघरा एक्सप्रेस’ ट्रैवल की थी और दिल्ली से दरभंगा जा रही थी। हादसे के समय ज्यादातर यात्री नींद में थे। अचानक ट्रेलर से जोरदार टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई।
बाएं हिस्से में बैठे यात्रियों के सामने मुश्किल बढ़ गई। कई यात्री क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गए। सड़क पर बस का मलबा बिखर गया और एक्सप्रेसवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
गैस कटर से बस काटकर निकाले गए यात्री
हादसे की सूचना मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने भी राहत-बचाव में मदद की। बस के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई।
पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल और सद्दरपुर स्थित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा। तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एक मृतक की पहचान, तीन की शिनाख्त बाकी
हादसे में जान गंवाने वाले चार यात्रियों में से एक की पहचान सचिन कुमार (30) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह बिहार के रहने वाले थे।
तीन अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी है। परिजनों तक सूचना पहुंचाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
तीन घायल भी बिहार के दरभंगा के निवासी
घायलों में सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) की पहचान हुई है। तीनों दरभंगा, बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं।
गंभीर हालत के चलते उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सक लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। हादसे में घायल यात्रियों के परिजनों को भी सूचना दी गई है।
ओवरटेक के दौरान टक्कर, झपकी की भी जांच
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में बस के ओवरटेक करने के दौरान ट्रेलर से टकराने की बात सामने आई है। ASP डॉ. तेजवीर सिंह के अनुसार चालक को झपकी आने की आशंका भी जताई गई है।
हालांकि हादसे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



