जहानाबाद में 3 छात्रों की मौत के 10 दिन बाद इंजीन‍ियरिंग छात्रों का हंगामा, मुआवजे के साथ व्यवस्था सुधारने की मांग

हुलासगंज थाना क्षेत्र में पटना-गया एसएच-4 पर गत सात नवंबर को भीषण सड़क हादसे में तीन छात्रों की मौत हो गई थी।

घटना के 10 दिनों बाद बुधवार को हुलासगंज इंजीनियरिंग कालेज के विद्यार्थियों का आक्रोश सड़क पर दिखा। वे सड़क पर उतर आए।

छात्रों ने मृतकों के स्वजन को एक-एक करोड़ रुपये और हादसे में घायल विद्यार्थियों के स्वजन को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।

Jam

7 नवंबर को हादसे में हो गई थी तीन छात्रों की मौत

गत सात नवंबर की शाम पटना-गया एसएच-4 पर हार्वेस्टर और आटो के बीच टक्कर हो गई थी। इस दुर्घटना में इंजीनियरिंग कालेज के तीन छात्रों की मौत हो गई थी।

इस घटना में आधा दर्जन से अधिक विद्यार्थी घायल हो गए थे। इसी घटना को लेकर छात्र बुधवार को आंदोलन पर उतर आए।

छात्रों ने मुआवजे के अलावा कालेज और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की भी मांग उठाई। उनका कहना था कि सेमेस्टर परीक्षाएं अक्सर पर्व-त्योहार या शादी-विवाह के दौरान ली जाती हैं, जिससे विद्यार्थियों को काफी परेशानी होती है।

परीक्षा केंद्र दूसरे कॉलेजों में बनाए जाते हैं, लेकिन वहां आने-जाने के लिए परिवहन की कोई व्यवस्था नहीं की जाती। छात्रों ने तत्काल परिवहन सुविधा शुरू करने की मांग की।

विद्यार्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि दोपहर दो से शाम पांच बजे तक निर्धारित परीक्षा में प्रश्नपत्र जानबूझकर देर से दिया जाता है।

कई बार ढाई बजे के बाद प्रश्नपत्र मिलने से परीक्षा साढ़े पांच बजे तक चलती है। उन्होंने इस व्यवस्था में सुधार की मांग की।

Jam 2

बाजार की ओर बढ़ते छात्रों को पुल‍िस ने रोका

इंजीनियरिंग कालेज के सामने करीब एक घंटे तक सड़क जाम करने के बाद छात्र हुलासगंज बाजार की ओर बढ़ने लगे। सूचना मिलते ही बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे तथा छात्रों को बाजार की ओर जाने से रोका।

बाद में घोसी एसडीपीओ कृति कमल भी पहुंचीं और विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल छात्र सड़क पर बैठे हुए हैं और जाम जारी है। प्रशासन की ओर से उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

↑
Exit mobile version