सीहोर में दिल दहला देने वाली वारदात: घर में सो रहे दंपती और बेटे की नृशंस हत्या, सिर पर मिले गहरे जख्म

 प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से सनसनी फैल गई। वार्ड नंबर 12 स्थित घर में पति, पत्नी और उनके बेटे के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। तीनों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने मंगलवार रात सोते समय परिवार पर हमला कर उनकी हत्या कर दी।

बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों की पहचान राकेश मीना (45), उनकी पत्नी राधा (40) और बेटे अश्विन (24) के रूप में हुई है। घर में तीन शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे नगर में दहशत का माहौल बन गया।

सोते समय हत्या किए जाने की आशंका

एसडीओपी रवि शर्मा के मुताबिक, तीनों के सिर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि परिवार के सदस्यों की हत्या उस समय की गई, जब वे सो रहे थे। हालांकि, वारदात को किसने अंजाम दिया और इसके पीछे क्या वजह रही, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

Error 150

YouTube iframe player error #150; visit https://developers.google.com/youtube/iframe_api_reference#onError for the full error message.

पुलिस ने जुटाए साक्ष्य, कई एंगल से जांच

सूचना मिलते ही एसडीओपी रवि शर्मा और थाना प्रभारी सुनील ठाकुर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने घर का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।

परिवार के परिचितों, रिश्तेदारों और आसपास रहने वाले लोगों से भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की पहचान और हत्या की वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

एक ही परिवार के तीन कत्ल से इलाके में दहशत

बुधनी में एक साथ तीन लोगों की हत्या की वारदात ने नगरवासियों को झकझोर दिया है। घर के भीतर परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से लोगों में भय का माहौल है। फिलहाल पुलिस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। नगरवासियों को आरोपितों की गिरफ्तारी और वारदात के जल्द खुलासे का इंतजार है।

↑
Exit mobile version