
प्रखंड की पर्रा पंचायत में पर्रा-सरौंजा सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश अब अनोखे विरोध प्रदर्शन के रूप में सामने आया है।
शनिवार को सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों का नामकरण विधायक, सांसद और पथ निर्माण मंत्री के नाम पर कर दिया।
किसी गड्ढे को विधायक कुंदन कुमार कुंड, तो किसी को सांसद गिरिराज सिंह कुंड और किसी को मंत्री शैलेंद्र कुमार कुंड का नाम दिया। इस व्यंग्यात्मक प्रदर्शन के जरिए ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और विभाग का ध्यान सड़क की बदहाल स्थिति की ओर खींचा।
स्थानीय ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता ऋषभ कुमार ने बताया कि पूर्व विधायक अमिता भूषण के प्रयास से इस सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन वर्ष 2020 में कुंदन कुमार के विधायक बनने के बाद से पिछले छह वर्षों में इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण के लिए कोई ठोस पहल नहीं हुई।
नतीजतन सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है।

प्रदर्शन करते ग्रामीण।
ग्रामीणों का कहना है कि पर्रा पंचायत को माडल पंचायत के रूप में जाना जाता है, लेकिन मुख्य सड़क की बदहाली विकास के दावों की हकीकत बयां कर रही है।
हल्की बारिश में भी सड़क पर जलजमाव हो जाता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीण पप्पू सहनी ने कहा कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने पहुंचते हैं, लेकिन बाद में जनता की समस्याओं की सुधि नहीं लेते।
ग्रामीणों ने विधायक, सांसद और ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री से सड़क का अविलंब निर्माण कराने की मांग की है। प्रदर्शन में अरविंद यादव, रंजीत सहनी, मोगल सहनी, संजीत सहनी, संजय कुमार सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।



