उत्तर प्रदेशराज्य

AMU छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित, नोमान अशरफ अध्यक्ष, नशरा नईम उपाध्यक्ष और मोहम्मद हमदान बने सचिव

उत्तर प्रदेश की अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में आठ साल के लंबे इंतजार के बाद छात्रसंघ चुनाव हुए जिसके नतीजे आज घोषित हो गए हैं. इतिहास विभाग के पीएचडी रिसर्च स्टूडेंट मोहम्मद नोमान अशरफ ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है. उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद अंतखाब को 4,121 वोटों के बड़े अंतर से हराया है. नोमान को कुल 7797 वोट मिले है.

वहीं बीटेक के छात्र मोहम्मद हमदान मानद सचिव चुने गए हैं. इस चुनाव में सबसे खास जीत लॉ की छात्रा नशरा नईम की मानी जा रही है. उन्होंने उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर एएमयू छात्रसंघ के इतिहास में पहली महिला उपाध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड बनाया है.

5 नवंबर को यूनिवर्सिटी कैंपस के 13 केंद्रों पर मतदान हुआ था. इसके बाद एबीके स्कूल में रातभर मतगणना चली और 6 नवंबर की सुबह विजयी उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है.

नशरा नईम बनीं पहली महिला उपाध्यक्ष

एएमयू छात्रसंघ चुनाव के इतिहास में यह पहला मौका है, जब अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव के तीन मुख्य पदों में से किसी एक पर महिला उम्मीदवार ने जीत हासिल की है. यह कोई और नहीं बल्कि लॉ की छात्रा नशरा नईम हैं, जिन्होंने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है.

इस पद के लिए नशरा नईम और साकिब अली खान के बीच कड़ा मुकाबला देखा जा रहा था. हालांकि अंतिम दौर की मतगणना में नशरा ने बढ़त बनाई और जीत हासिल कर ली. अपनी जीत के बाद उन्होंने इसे पूरी छात्र बिरादरी की जीत बताया है. उन्होंने कहा है कि एक नई सोच के साथ यह शुरुआत हुई है और उन्हें उम्मीद है कि यह आगे भी जारी रहेगी.

नोमान अशरफ बने अध्यक्ष

अध्यक्ष पद के चुनाव में मोहम्मद नोमान अशरफ ने शानदार जीत हासिल की है. उन्हें कुल 7797 वोट मिले है. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद अंतखाब को 4121 वोटों के अंतर से हराया है.

मतगणना के अंतिम दौर में जैसे ही नोमान की जीत साफ हुई, उनके समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया. एएमयू कैंपस में आतिशबाजी हुई और समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया.

कौन हैं नोमान अशरफ?

एएमयू की आधिकारिक प्रत्याशी सूची के मुताबिक मोहम्मद नोमान अशरफ यूनिवर्सिटी के इतिहास विभाग में पीएचडी के तीसरे वर्ष के रिसर्च स्टूडेंट हैं. उन्होंने छात्रसंघ चुनाव 2026-27 में अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की थी और अब जीत भी हासिल कर ली है.

कैंपस की राजनीति में नोमान को एक प्रखर वक्ता के रूप में देखा जाता है. वह छात्रों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर भी खुलकर अपनी बात रखते हैं.

हमदान बने मानद सचिव

छात्रसंघ चुनाव में बीटेक के छात्र मोहम्मद हमदान ने मानद सचिव पद पर जीत हासिल की है. इस तरह अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और मानद सचिव के तीनों प्रमुख पदों के लिए विजयी उम्मीदवारों के नामों का ऐलान हो चुका है. आठ साल बाद हुए इस चुनाव के नतीजों के बाद यूनिवर्सिटी कैंपस में समर्थकों के बीच उत्साह देखने को मिला है.-

Related Articles

Back to top button