मध्यप्रदेशराज्य

मध्य प्रदेश: सिंगरौली में कच्चा मकान गिरने से बच्ची समेत तीन की मौत, चार लोगों को बचाया गया

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में मिट्टी का एक घर ढह जाने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में दो साल की बच्ची भी शामिल है।

एक अधिकारी ने आज मंगलवार को बताया कि यह घटना सोमवार रात करीब 10 बजे जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर, कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरहापन गांव के जलहथानी टोला इलाके में हुई।

कोतवाली थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी ने मृतकों की पहचान अरुण विश्वकर्मा (36), उनकी मां सतुलिया देवी (65) और उनकी दो साल की बेटी पुष्पा के रूप में की है।

कच्चा मकान गिरने से तीन लोगों की मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब घर अचानक ढहकर मलबे में बदल गया, तब परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मलबे को हटाने और उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए एक पोकलेन मशीन (एक्सकेवेटर) लगाई गई।

कोतवाली थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच (पंचनामा) के बाद तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं परिवार के चार घायल सदस्यों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस परिवार को नया घर बनाने के लिए ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ (PMAY) के तहत आर्थिक सहायता मिली थी। घर का निर्माण कार्य चल ही रहा था कि तभी यह हादसा हो गया।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

Related Articles

Back to top button