बिहारराज्य

सड़क हादसे में घायल होने पर पैसों की चिंता खत्म! बेतिया के 10 निजी अस्पतालों में 1.5 लाख तक फ्री इलाज

सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों के लिए राहत भरी पहल की गई है। अब हादसे के शिकार लोगों को इलाज के लिए पैसों की चिंता नहीं करनी होगी।

जिला परिवहन विभाग की ओर से सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार की व्यवस्था की गई है। इसके तहत जिले के सरकारी अस्पतालों के साथ चयनित निजी अस्पतालों में भी घायलों का मुफ्त इलाज कराया जाएगा।

डेढ़ लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा

योजना के तहत दुर्घटना पीड़ित को अधिकतम सात दिनों तक या डेढ़ लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा मिलेगी। दोनों में से जो सीमा पहले पूरी होगी, उसी के साथ कैशलेस उपचार की सुविधा समाप्त हो जाएगी। बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के 10 निजी अस्पतालों को चिह्नित किया गया है।

अक्सर सड़क हादसों में घायल लोगों की जान समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण चली जाती है। कई बार स्वजन अस्पताल पहुंचने के बाद इलाज के लिए पैसे जुटाने में लग जाते हैं।

हर यात्रा का हमसफर टैगलाइन

वहीं, बेहतर चिकित्सा सुविधा वाले अस्पताल की तलाश में भी कीमती समय निकल जाता है। ऐसे में दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में ही उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

परिवहन विभाग ने हर यात्रा का हमसफर टैगलाइन के साथ राहत योजना के तहत यह व्यवस्था शुरू की है। जिला परिवहन पदाधिकारी अमित राज ने बताया कि योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को बिना किसी आर्थिक परेशानी के समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके लिए सरकारी अस्पतालों के अलावा निजी अस्पतालों को भी जोड़ा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर घायलों को उपचार के लिए भटकना नहीं पड़े।

इन दस निजी अस्पतालों में मिलेगी सुविधा

जिला परिवहन विभाग की ओर से कैशलेस उपचार के लिए चिह्नित निजी अस्पतालों में गंगा सुपरस्पेशलिटी अस्पताल एवं ट्रामा सेंटर, सिन्हा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल लैप्रोस्कोपिक सेंटर, एमएस आदर्श हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड, डॉ. सुरेश प्रसाद नेत्र एवं दंत चिकित्सा अस्पताल, ध्रुव नेत्रालय, शुभम स्टोन लेप्रोस्कोपी अस्पताल, काजी हेल्थ केयर, आरएच स्टोन सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल एडवांस्ड लैप्रोस्कोपिक सर्जरी एंड ट्रामा सेंटर, तिवारी श्यामा अस्पताल तथा सर्जरी एंड रिसर्च सेंटर शामिल हैं। इन अस्पतालों में निर्धारित नियमों के अनुसार दुर्घटना पीड़ितों को कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी।

Related Articles

Back to top button