
समस्तीपुर के पूर्व सांसद प्रो. अजीत कुमार मेहता नहीं रहे। 90 वर्ष की अवस्था में उन्होंने दिल्ली में अंतिम सांस ली।
वे पिछले कई वर्षों से दिल्ली में ही अपनी बिटिया के साथ रहते थे। समस्तीपुर से वे 1798, 1980, 1996 एवं 1998 में सांसद रहे।
भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर द्वारा 1977 में समस्तीपुर लोकसभा से निर्वाचित होने और फिर 1978 में इस्तीफा देने के बाद प्रो. मेहता यहां से चुनाव लड़े और कांग्रेसी प्रत्याशी तारकेश्वरी सिन्हा को पराजित कर सुर्खियां बटोरी।
इसके पूर्व वे बीआईटी मेसरा में प्राध्यापक थे। फिर 1980 के चुनाव में भी वह निर्वाचित हुए। 1996 और 1998 में भी वे समस्तीपुर से सांसद निर्वाचित हुए।
शुक्रवार की रात नोएडा के कैलाश हॉस्पिटल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, सांसद शांभवी, जदयू जिलाध्यक्ष डॉ. दुर्गेश राय, विधायक अश्वमेघ देवी ने शोक जताया है।



