
सिवान में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को झटका लगा है। पार्टी नेता कामाख्या नारायण सिंह मंगलवार को अपने समर्थकों के साथ जनता दल यूनाइटेड (JDU) में शामिल हो गए।
सिवान के टाउन हाॅल में आयोजित नीतीश संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने गोपालगंज के सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन समेत जदयू के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थकों के जदयू में आने से कार्यक्रम में राजनीतिक हलचल देखने को मिली। जदयू की सदस्यता लेने के बाद कामाख्या नारायण सिंह ने पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह का उल्लेख किया।
कहा कि वे सभी उनके सच्चे सिपाही हैं। प्रभुनाथ सिंह के विचारों और सिद्धांतों को लेकर वे आगे भी काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि समर्थकों के साथ जदयू में शामिल होकर उन्होंने अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत की है।
सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे सिवान
कामाख्या नारायण सिंह मंगलवार सुबह पूजा-अर्चना करने के बाद अपने कपिया स्थित आवास से समर्थकों के साथ सिवान के लिए रवाना हुए।
उनके साथ सैकड़ों वाहनों का काफिला था। टाउन हाॅल में आयोजित नीतीश संवाद कार्यक्रम में उनके पहुंचने पर समर्थकों में उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से कार्यक्रम स्थल पर भीड़ रही।
कई पूर्व जनप्रतिनिधियों ने भी थामा जदयू का दामन
कामाख्या नारायण सिंह के साथ नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष नागमणि सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष उमाशंकर सिंह, पूर्व वार्ड पार्षद रामजिनिश सिंह और सोहन चौधरी सहित कई लोगों ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर वीरेंद्र यादव, केदार सिंह समेत अन्य समर्थक भी मौजूद रहे।
कामाख्या नारायण सिंह के इस फैसले को सिवान की स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
उनके साथ आए समर्थकों और पूर्व जनप्रतिनिधियों के जदयू में शामिल होने से जिले में पार्टी की स्थानीय राजनीतिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की संभावना है।



