राज्यबिहार

प्रणाम’ करना पड़ा भारी? टीचर ने छात्र को बेरहमी से पीटा, स्कूल गेट पर अभिभावकों का प्रदर्शन

West Champaran News: पश्चिम चंपारण (बेतिया) जिले के बैरिया प्रखंड स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सिरिसिया मठिया में एक छात्र की पिटाई का मामला सामने आने के बाद शनिवार को जमकर हंगामा हुआ. कक्षा 6 के छात्र इरशाद आलम के परिजनों ने विद्यालय के शिक्षक उमाकांत राम पर बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया. परिजनों का दावा है कि छात्र ने शिक्षक को केवल ‘प्रणाम’ किया था, जिसके बाद किसी बात को लेकर शिक्षक ने उसकी पिटाई कर दी.

घायल छात्र का अस्पताल में कराया गया इलाज
परिजनों के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे की है. आरोप है कि शिक्षक की पिटाई से छात्र घायल हो गया, जिसके बाद उसे तत्काल बैरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. घटना के बाद छात्र और उसके परिजनों में दहशत और आक्रोश का माहौल है. घायल छात्र ने भी शिक्षक द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है.

विद्यालय गेट पर अभिभावकों और ग्रामीणों का प्रदर्शन
घटना से नाराज परिजन और ग्रामीण शनिवार सुबह विद्यालय पहुंच गए और मुख्य गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांग की कि जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) स्वयं विद्यालय पहुंचकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करें. साथ ही दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल बर्खास्त करने की मांग भी उठाई गई. प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए विद्यालय का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

विद्यालय की कार्यप्रणाली पर भी लगाए गए आरोप
प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने विद्यालय की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना था कि स्कूल परिसर में बिरयानी, मटन और मछली बनाई जाती है. यहां जन्मदिन की पार्टियां भी आयोजित होती हैं. हालांकि इन आरोपों की अभी तक पुष्टि नहीं की गई है. इसलिए इन्हें फिलहाल आरोपों के तौर पर ही देखा जा रहा है.

Related Articles

Back to top button