
जंगल की घनी झाड़ियों के बीच एक युवती का शव पड़ा था। न कोई पहचान, न कोई ऐसा सुराग जिससे उसके अपनों तक पहुंचा जा सके।
करीब एक सप्ताह से मौत के सन्नाटे में पड़ी इस युवती का शव शुक्रवार की दोपहर वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के मदनपुर जंगल में मिला। शव की स्थिति ऐसी थी कि चेहरा भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा था।
आखिर वह कौन थी और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, यह सवाल अब पुलिस के सामने है। हत्या की आशंका के बीच पुलिस उसकी पहचान कराने में जुटी है।
रेलवे लाइन के पास मिला शव
नौरंगिया थाना क्षेत्र में यूपी-बिहार सीमा पर स्थित मदनपुर जंगल में दिल्ली कैंप के समीप रेलवे लाइन के पास झाड़ियों में शव पड़ा होने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही नौरंगिया थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को झाड़ियों से निकलवाकर अपने कब्जे में लिया।
एक सप्ताह पुराना प्रतीत हो रहा शव
पुलिस के अनुसार, शव करीब एक सप्ताह पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतका की उम्र लगभग 25 वर्ष आंकी गई है। उसने जींस पहन रखी थी। शव की स्थिति खराब होने के कारण उसका चेहरा स्पष्ट नहीं हो पा रहा था। ऐसे में उसकी पहचान करना भी पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।
किसकी थी बेटी, तलाश में पुलिस
नौरंगिया थानाध्यक्ष राज रोशन ने बताया कि फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है। पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में शव की तस्वीर भेजी गई है। पुलिस अपने स्तर से भी जानकारी जुटा रही है। हाल के दिनों में आसपास के इलाकों से लापता हुई युवतियों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
युवती जंगल तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।



