मध्यप्रदेशराज्य

बालाघाट में बांस काट रहे पिता के सामने बाघ ने बेटे पर किया हमला, 500 मीटर तक घसीटा; 10 साल के बच्चे की मौत

प्रदेश के बालाघाट जिले में बाघ के हमले में 10 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना दक्षिण सामान्य वन मंडल के सोनेवानी कंजर्वेशन रिजर्व के चिखलाबड्डी जंगल की है। शुक्रवार दोपहर सुकचैन मरकाम अपने बेटे सौरभ के साथ बांस कूप की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बाघ ने सौरभ पर हमला कर दिया और उसे करीब 500 मीटर तक घसीटकर ले गया। मौके पर मौजूद मजदूरों के शोर मचाने पर बाघ बच्चे को छोड़कर जंगल में चला गया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।

मृतक सौरभ मरकाम कलेगांव निवासी सुकचैन मरकाम का बेटा था। वह बैगा समुदाय से ताल्लुक रखता था। घटना वन कक्ष क्रमांक 427, भाग-दो में हुई। अचानक हुए हमले से जंगल में काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।

मजदूरों में दहशत, कटाई बंद

हादसे के बाद जंगल में काम कर रहे मजदूरों में भय का माहौल बन गया। सुरक्षा को लेकर चिंतित मजदूरों ने बांस कटाई का काम बंद कर दिया। सोनेवानी कंजर्वेशन रिजर्व में पिछले करीब एक महीने से बांस कूप कटाई का काम चल रहा है। यहां अलग-अलग स्थानों पर लगभग 150 मजदूर कार्यरत हैं।

कान्हा-पेंच कॉरिडोर होने से बाघों की मौजूदगी अधिक

सोनेवानी कंजर्वेशन रिजर्व का इलाका कान्हा राष्ट्रीय उद्यान और पेंच टाइगर रिजर्व के बीच वन्यजीव कॉरिडोर का हिस्सा है। इस वजह से यहां बाघों की आवाजाही बनी रहती है और वर्तमान में उनकी संख्या भी अधिक बताई जा रही है।

सीसीएफ गौरव चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बांस कूप की कटाई के दौरान बाघ ने सुकचैन मरकाम के बेटे सौरभ पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। वन विभाग की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button