मध्यप्रदेशराज्य

खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में विधायक पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला की एंट्री पर एक्शन, पुजारी-सुरक्षाकर्मी समेत 5 पर कार्रवाई

इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में गर्भगृह प्रवेश के प्रतिबंधित नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। विधायक गोलू शुक्ला के पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला के गर्भगृह में प्रवेश करने के मामले में मंदिर प्रबंधन, पुजारी और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पांच लोगों पर कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने मंदिर प्रबंधक और सहायक प्रबंधक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है, जबकि घटना के समय तैनात सुरक्षाकर्मी को बर्खास्त करने की तैयारी है।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया कि गर्भगृह में प्रवेश को लेकर निर्धारित नियमों का उल्लंघन हुआ है। रुद्राक्ष शुक्ला के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भी हैं।

मंदिर प्रबंधक को नोटिस, पुजारियों से मांगा जवाब

प्रशासन ने मंदिर प्रबंधक घनश्याम शुक्ला और सहायक प्रबंधक गौरीशंकर मिश्रा को नोटिस जारी किया है। घटना के समय सुरक्षा ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी को बर्खास्त करने की कार्रवाई की जाएगी। गर्भगृह में पूजा व्यवस्था संभालने वाले भट्ट परिवार के दोनों पुजारियों को भी तलब किया गया है। उनसे पूछा जाएगा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश के दौरान नियमों का पालन क्यों नहीं कराया गया।

गर्भगृह में दर्शन के साथ बनाई गई रील, वीडियो वायरल

विवाद उस वीडियो के सामने आने के बाद शुरू हुआ, जिसमें क्षेत्र क्रमांक तीन के विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में नजर आ रहे हैं। दावा किया गया कि बुधवार रात मंदिर पहुंचने के दौरान उन्होंने प्रतिबंधित गर्भगृह में प्रवेश किया और भगवान की प्रतिमा व पुजारी के साथ रील भी बनाई।

विधायक गोलू शुक्ला ने वीडियो को पुराना बताते हुए इसे अपनी छवि खराब करने की कोशिश करार दिया था। वहीं, मंदिर के पुजारियों ने रुद्राक्ष के मंदिर पहुंचने की पुष्टि करते हुए बताया कि वे हर बुधवार की तरह दर्शन के लिए आए थे। पुजारियों के मुताबिक रुद्राक्ष पहले भी कई बार गर्भगृह में प्रवेश कर चुके हैं।

महाकाल मंदिर में भी गर्भगृह प्रवेश को लेकर हो चुका विवाद

खजराना मंदिर में गर्भगृह प्रवेश का मामला इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि इससे पहले रुद्राक्ष शुक्ला उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में भी प्रवेश कर फोटो खिंचवा चुके हैं। उस मामले में महाकाल मंदिर समिति के कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों पर कार्रवाई हुई थी।

खजराना गणेश मंदिर में भी कलेक्टर, अधिकारी और कई मंत्री दर्शन के लिए पहुंचते रहे हैं, लेकिन निर्धारित नियमों के तहत किसी को गर्भगृह में प्रवेश नहीं दिया गया। अब रुद्राक्ष शुक्ला के मामले में प्रशासनिक कार्रवाई ने मंदिरों में वीआईपी पहुंच और नियमों के समान पालन को लेकर बहस फिर तेज कर दी है।

Related Articles

Back to top button