
नेपाल में शादी की रस्में पूरी कर दुल्हन के साथ घर लौट रहे दूल्हे को भारतीय सीमा पर ऐसा इंतजार करना पड़ा कि परिजनों का धैर्य जवाब दे गया।
आईडी प्रूफ की जांच के नाम पर एसएसबी जवानों ने दूल्हा-दुल्हन को कथित तौर पर दो घंटे तक रोक लिया। इससे नाराज परिजन जवानों से बहस करने लगे। देखते ही देखते सीमा पर हंगामे की स्थिति बन गई। बाद में एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और जांच के बाद नवदंपती को घर जाने की अनुमति दी।
नेपाल में हुई थी शादी
दरभंगा निवासी दूल्हे के पिता सोमन राम ने बताया कि उनके बेटे की शादी गुरुवार को नेपाल के महोत्तरी जिले के धीरापुर में हुई थी। शुक्रवार को परिवार के लोग दूल्हा-दुल्हन को लेकर दरभंगा लौट रहे थे। इसी दौरान मधवापुर स्थित भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी जवानों ने उन्हें रोक लिया और जांच शुरू कर दी।

दो घंटे तक रोके रखने का आरोप
परिजनों का आरोप था कि आईडी प्रूफ की जांच के नाम पर दूल्हा-दुल्हन को करीब दो घंटे तक रोके रखा गया। इसी बात को लेकर परिजन नाराज हो गए और एसएसबी जवानों से बहस करने लगे। हंगामा बढ़ने पर सीमा पर दोनों देशों के स्थानीय लोग भी जुट गए।
बेटी-रोटी के रिश्ते का दिया हवाला
नेपाल के सामाजिक कार्यकर्ता अशोक ठाकुर और मो. अलिहसन ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच बेटी-रोटी का संबंध है। सीमावर्ती क्षेत्रों में दोनों देशों के लोगों का आपस में पारिवारिक और सामाजिक रिश्ता है। इसके बावजूद जांच के नाम पर लोगों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं किए जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं।
अधिकारी पहुंचे तो शांत हुआ मामला
घटना की सूचना मिलने पर एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट विकास दोहन मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन के पहचान पत्रों की जांच की गई और उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी गई।
सुरक्षा के लिए होती है जांच
एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट विकास दोहन ने बताया कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दोनों ओर से आने-जाने वाले लोगों की गहनता से जांच की जाती है। लोगों को इस प्रक्रिया से घबराने की जरूरत नहीं है। एसएसबी जवान सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा और विकास के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।



