धर्म
गलत दिशा में रखी तिजोरी बन सकती है धन हानि का कारण? वास्तु शास्त्र से जानें इसे कहां रखना सही कहां गलत

वास्तु शास्त्र में हर वस्तु को रखने की एक निश्चित दिशा बताई गई है। सही दिशा में रखी चीजें जहां आपके जीवन में सकारात्मकता ला सकती हैं वहीं गलत दिशा में रखी चीजें नकारात्मक असर जीवन पर डाल सकती है। ऐसे में आज हम आपको बताने वाले हैं कि आपको तिजोरी, या धन रखने की जगह कहां बनानी चाहिए और कहां तिजोरी या धन का स्थान बनाने से आपको बचना चाहिए।
घर में तिजोरी रखने की सही दिशा
- वास्तु शास्त्र की मानें तो घर में तिजोरी रखने या धन का स्थान बनाने की सबसे सही दिशा उत्तर होती है। उत्तर दिशा को धन के देवता कुबेर का स्थान बताया गया है, ऐसे में अगर इस दिशा में आप तिजोरी रखते हैं तो आपके जीवन में बरकत आती है। घर में उत्तर दिशा वाले कमरे में आपको तिजोरी को इस तरह रखना चाहिए कि तिजोरी का पिछला हिस्सा दक्षिण दिशा की ओर हो और तिजोरी का मुंह उत्तर दिशा में खुले। तिजोरी रखने की सही दिशा के साथ ही इस बात का भी ध्यान रखें कि तिजोरी लाल, पीले या फिर सफेद रंग की हो, ऐसा करने से धन की कमी आपके जीवन में नहीं होती।
- वास्तु के अनुसार घर की उत्तर दिशा के साथ ही ईशान कोण (उत्तर-पूर्व दिशा) में भी तिजोरी रखना शुभ माना जाता है। यह दिशा देवी-देवताओं का स्थान है। ऐसे में ईशान कोण में तिजोरी रखने से देवी-देवताओं के आशीर्वाद से आपकी आर्थिक स्थिति पर बुरा असर नहीं पड़ता और जीवन में आप बरकत करते हैं।
घर में कहां नहीं रखनी चाहिए तिजोरी
- घर में आपको गलती से भी कभी दक्षिण दिशा में तिजोरी नहीं रखनी चाहिए। इस दिशा में रखी तिजोरी से आपका जमा धन भी बर्बाद हो सकता है। इसके साथ ही कर्ज तले भी आप डूब सकते हैं।
- नैर्ऋत्य कोण (दक्षिण-पश्चिम दिशा) को राहु का स्थान माना जाता है। इस दिशा में भी आपको तिजोरी रखने से बचना चाहिए नहीं तो गलत कारणों से आपका पैसा खर्च हो सकता है। यहां तिजोरी रखने से पैसा चोरी होने की भी संभावना होती है।
- आग्नेय कोण यानि दक्षिण-पूर्व दिशा को भी तिजोरी रखने के लिए शुभ नहीं माना गया है। वास्तु के अनुसार इस दिशा में तिजोरी रखने से आमदनी से ज्यादा खर्चे हो सकते हैं।



