जमुई में युवती से छेड़खानी मामले पर महिला आयोग सख्त, अध्‍यक्ष ने कहा- दोषी कोई भी हो, बख्‍शे नहीं जाएंगे

जमुई-लखीसराय सीमा क्षेत्र में युवती के साथ कथित छेड़खानी और अभद्रता का वीडियो वायरल होने के बाद राज्य महिला आयोग ने मामले को गंभीरता से लिया है।

आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने जमुई के जिलाधिकारी से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं और युवतियों के साथ इस तरह की घटना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा।

वीडियो वायरल होने के बाद आयोग ने लिया संज्ञान

महिला आयोग की अध्यक्ष ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला उनके संज्ञान में आया। इसके बाद उन्होंने जमुई के जिलाधिकारी से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली।

जिलाधिकारी की ओर से उन्हें बताया गया कि घटना 19 सितंबर की है, जबकि संबंधित वीडियो 20 सितंबर को वायरल हुआ था। उन्‍होंने कहा कि इस तरह की हरकत करने वाले व‍िकृत मानस‍िकता के होते हैं।

बाइक नंबर से पीड़िता की पहचान

पुलिस जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रही युवती की पहचान बाइक के नंबर के आधार पर की गई। इसके बाद वीडियो में नजर आ रहे युवकों को भी चिह्नित किया गया।

पुलिस ने मामले में अब तक दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है।

पुलिस ने दर्ज की FIR

वायरल वीडियो में कुछ युवक एक युवती के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की और जांच शुरू कर दी। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवकों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

महिला आयोग ने भी मामले में पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली है। आयोग की अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता को गंभीरता से लिया जाएगा और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Exit mobile version