नौकरी की तलाश में होमगार्ड बनने पहुंचे BTech पास शिवम यादव, दौड़ के दौरान अचानक गिरे और चली गई जान

मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान बरेली के एक होनहार युवक की मौत हो गई. कंप्यूटर साइंस से BTech कर चुके शिवम यादव रोजगार की तलाश में होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने पहुंचे थे. भर्ती प्रक्रिया के बाकी चरण पूरे करने के बाद जब वह दौड़ में शामिल हुए तो अचानक बेहोश होकर मैदान में गिर पड़े. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. जवान बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया. शव को देखकर पिता विनोद यादव की तबीयत भी बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. तीन साल पहले ही शिवम की शादी हुई थी और उनकी करीब डेढ़ साल की बेटी भी है.
नौकरी की कर रहे थे तैयारी
मुरादाबाद की होमगार्ड भर्ती दौड़ में जान गंवाने वाले शिवम यादव पढ़ाई में शुरू से ही काफी अच्छे थे. साल 2016 में उन्होंने हाईस्कूल की परीक्षा में 90 फीसदी अंक हासिल किए थे. इसके बाद 2018 में इंटरमीडिएट में भी उनके 90 प्रतिशत अंक आए. साल 2021 में शिवम ने कंप्यूटर साइंस से BTech की पढ़ाई पूरी की. वह BEd भी थे. बेहतर नौकरी और करियर बनाने के लिए शिवम लगातार सरकारी नौकरियों की तैयारी और आवेदन कर रहे थे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पाई. इसी बीच उन्होंने होमगार्ड भर्ती में किस्मत आजमाने का फैसला किया. हालांकि, भर्ती की दौड़ ही उनके जीवन की आखिरी दौड़ साबित हो गई.
अस्पताल में नहीं बच सकी जान
बताया जा रहा है कि भर्ती परीक्षा के दौरान दौड़ लगाते समय शिवम अचानक बेहोश होकर मैदान में गिर गए. मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें संभाला और तत्काल जिला अस्पताल भेजा, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके पिता विनोद यादव भी मोर्चरी पहुंचे. बेटे का शव देखते ही उनकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस घटना की सूचना मिलते ही मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल अंतिल और भर्ती के नोडल अधिकारी एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार भी जिला अस्पताल पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने शिवम के पिता से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिया. पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया.
2023 में ही हुई थी शादी
शिवम के पिता विनोद यादव वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और बरेली बार एसोसिएशन में कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं. परिवार में शिवम के बड़े भाई अंकित और तीसरे नंबर के भाई सचिन भी अधिवक्ता हैं, जबकि सबसे छोटे भाई आदित्य अभी पढ़ाई कर रहे हैं. शिवम के भाई सचिन ने बताया, “शिवम की शादी 2023 में कोमल के साथ हुई थी.” परिवार ने उनकी शादी धूमधाम से की थी. शिवम की मौत की खबर से उनकी पत्नी कोमल का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया गया है कि उनकी करीब डेढ़ साल की बेटी है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शिवम की मां ममता यादव भी बेटे की मौत के बाद गहरे सदमे में हैं. जवान बेटे की मौत से माता-पिता और पूरा परिवार टूट गया है. पिता विनोद यादव की तबीयत बिगड़ने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई. शिवम की मौत की खबर बरेली बार एसोसिएशन तक पहुंची तो वहां भी शोक की लहर दौड़ गई.



