
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉकरोच) ने रविवार को पश्चिम बंगाल में सीजेपी के स्वयंसेवी शेख अब्दुल हफीज के पिता जनाब माफिक की कथित हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
हफीज (25) और उसके परिवार पर उस समय कथित तौर पर हमला किया गया जब वह सीजेपी के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत एक सरकारी स्कूल का जायजा लेने गया था।
सीजेपी के एक बयान के अनुसार, परिवार के आवास पर कथित हमले के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से शनिवार को माफिक की मौत हो गई।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा, ‘यह बेहद निंदनीय कृत्य है। हम सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने पर केंद्रित एक अभियान चला रहे हैं, कुछ ऐसा जिसका सभी राजनीतिक विचारधाराओं के लोगों को समर्थन करना चाहिए। फिर भी, ये भाजपा गुंडे लोगों को डराने और धमकाने के लिए इस तरह की घटनाओं में लिप्त रहते हैं।
इसमें कहा गया है कि यह घटना बांकुड़ा जिले के करिसुंडा इलाके में उस समय हुई जब हफीज ने 13 अगस्त को अपने गांव के स्थानीय सरकारी स्कूल में राष्ट्रव्यापी ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान में भाग लिया था और इसके बुनियादी ढांचे की स्थिति का आकलन किया था।
सीजेपी ने आरोप लगाया कि स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के रूप में पहचाने जाने वाले हथियारबंद व्यक्ति उस शाम बाद में हफीज के आवास में जबरन घुसे।
बयान के अनुसार, हफीज ने अस्पताल से रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में आरोप लगाया कि एक स्कूल शिक्षक ने राजनीतिक कार्यकर्ताओं को उनके नागरिक निरीक्षण के बारे में सूचित किया था, जिसके बाद हमला हुआ।
सीजेपी ने कहा कि कथित हमलावरों ने मांग की कि हफीज स्कूल की स्थिति को उजागर करने के लिए माफी मांगते हुए एक वीडियो रिकॉर्ड करे और दावा करे कि उसने बाहरी प्रभाव में ऐसा किया था।
इसमें कहा गया है, ‘जब हफीज ने बात मानने से इनकार कर दिया तो लोगों ने कथित तौर पर उसके परिवार पर हिंसक हमला किया।
बयान के अनुसार, हफीज की गर्दन में गंभीर चोट आई है, जबकि उनके पिता के सिर में गंभीर चोट लगी है।
सीजेपी ने कहा कि हमले के बाद, हफीज ने अस्पताल से एक वीडियो रिकॉर्ड किया जिसमें उसकी चोटों का दस्तावेजीकरण किया गया था और बाद में सुरक्षा चिंताओं के कारण उसे कोलकाता भागने के लिए मजबूर होना पड़ा।
बाद में उसके पिता ने 15 अगस्त को दम तोड़ दिया।
सीजेपी के संस्थापक और राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके ने कहा, ‘हम चुप नहीं रहेंगे और डराए नहीं जाएंगे। हम बेहतर स्कूलों के लिए लड़ते रहेंगे। सीजेपी अब्दुल और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। हम उनके पिता की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हैं। हमारी सीजेपी टीम पश्चिम बंगाल का दौरा करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि अब्दुल और उसके परिवार को न्याय मिले।
दीपके ने सरकारी स्कूलों की स्थिति को उजागर करने और स्कूल के बुनियादी ढांचे और शिक्षा में सुधार पर जोर देने के लिए “स्कूल ठीक करो” अभियान शुरू किया। अभियान के हिस्से के रूप में, नागरिकों को सरकारी स्कूलों का दौरा करने, उनकी स्थिति का आकलन करने और कमियों को जनता के ध्यान में लाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
“ये क्यों हो रहा है? क्योंकि वे स्कूल विरोधी और बुद्धिजीवी विरोधी हैं। उनका मानना है कि शिक्षा बेकार है और गुंडागर्दी के माध्यम से सब कुछ हासिल किया जा सकता है। लेकिन लोग हिंसा में विश्वास नहीं करते हैं।
दास ने बताया कि सोमवार को सह-संयोजक आशुतोष रंका के नेतृत्व में सीजेपी राष्ट्रीय कार्य समिति का एक प्रतिनिधिमंडल अब्दुल और उनके परिवार से मिलने जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘वे मांग करेंगे कि पुलिस अपराधियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा सुनिश्चित करे। जब तक न्याय नहीं मिल जाता और जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में नहीं लाया जाता, तब तक पूरा सीजेपी परिवार और युवा अब्दुल और उसके परिवार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
सीजेपी ने यह भी आरोप लगाया कि कोई मेडिको-लीगल मामला शुरू नहीं किया गया था और शुरुआती हमले के बाद कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी।
इसने कथित हिंसा, माफिक की मौत के आसपास की परिस्थितियों और उचित कानूनी कार्यवाही शुरू करने में कथित विफलता की निष्पक्ष जांच का आह्वान किया।
संगठन ने हमले के आरोपियों को पकड़ने और हफीज और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इंदास पुलिस थाने से तत्काल कार्रवाई की मांग की।



