राज्यबिहार

बांकीपुर में प्रशांत किशोर की जीत अब सम्राट चौधरी के लिए भारी क्यों पड़ने वाली है?

बिहार की राजनीति में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का नतीजा सिर्फ एक सीट का परिणाम नहीं माना जा रहा. इसकी वजह यह है कि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने चुनाव प्रचार के दौरान इस मुकाबले को सीधे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार की साख से जोड़ दिया था. उन्होंने कई सभाओं में कहा था कि बांकीपुर का चुनाव सम्राट सरकार पर जनमत संग्रह है. यही वजह है कि अब उनकी जीत को एक सामान्य चुनावी जीत से ज्यादा राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है. बांकीपुर लंबे समय से बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है. ऐसे में यहां जन सुराज की जीत ने बिहार की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है.

प्रशांत किशोर ने चुनाव के दौरान यह भी कहा था कि विधानसभा में “एक विधायक ही सरकार के नाक में दम करने के लिए काफी है.” उनका कहना था कि विपक्ष की ताकत केवल सीटों की संख्या से नहीं, बल्कि जनता के मुद्दे उठाने से तय होती है.

चुनाव प्रचार में उन्होंने लगातार सम्राट चौधरी पर निशाना साधा और उन्हें “अपराधी मुख्यमंत्री” बताते हुए सरकार की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कामकाज पर सवाल उठाए. बांकीपुर में जीत के बाद प्रशांत किशोर ने बीजेपी हाईकमान से सम्राट को हटाने की मांग की.

बीजेपी के गढ़ में मिली बड़ी जीत
यह इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि यह बीजेपी के मजबूत गढ़ों में से एक सीट रही है. ऐसे में अगर यहां प्रशांत किशोर जीत दर्ज करते हैं, तो इसे जन सुराज के लिए बड़ी राजनीतिक बढ़त और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के लिए एक प्रतीकात्मक झटका माना जाएगा.

इससे विधानसभा चुनाव से पहले बिहार की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा भी तेज हो सकती है. इससे पहले यहां बीजेपी के नेता नितिन नवीन लगातार चुनाव जीतते रहे थे. उनके राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई और उपचुनाव कराया गया.

क्यों बढ़ेगा सम्राट चौधरी पर दबाव?
प्रशांत किशोर ने चुनाव से पहले ही साफ कहा था कि बांकीपुर का परिणाम सरकार के कामकाज पर जनता की राय बताएगा. ऐसे में अब जब उन्हें जीत मिली है तो विपक्ष इसे सरकार के खिलाफ जनता के संदेश के रूप में पेश करेगा. खुद पीके भी पहले ही संकेत दे चुके हैं कि वे विधानसभा में सरकार को लगातार घेरेंगे और जनता से जुड़े मुद्दे उठाएंगे. यही वजह है कि इस जीत को सम्राट चौधरी के लिए राजनीतिक चुनौती माना जा रहा है.

विधानसभा में क्या बदल सकता है?
हालांकि जन सुराज के पास सिर्फ एक विधायक होगा, लेकिन प्रशांत किशोर का कहना है कि मजबूत विपक्ष के लिए बड़ी संख्या नहीं, बल्कि मजबूत आवाज जरूरी होती है. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि वे बेरोजगारी, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार को लगातार घेरने की कोशिश करेंगे. उनकी रणनीति विधानसभा के साथ-साथ सड़क पर भी सक्रिय रहने की हो सकती है.

प्रशांत ने बांकीपुर में आखिरी दिन की रैली में घोषणा की- मैं 242 विधायकों को पानी पीला दूंगा.

जन सुराज के लिए क्यों अहम है यह जीत?
2025 के विधानसभा चुनाव में जन सुराज अपना खाता नहीं खोल पाई थी. ऐसे में बांकीपुर की जीत पार्टी के लिए मनोबल बढ़ाने वाली मानी जा रही है. यह परिणाम प्रशांत किशोर के लिए भी अहम है क्योंकि यह उनकी पहली बड़ी चुनावी सफलता के रूप में देखा जा रहा है. इससे पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ेगा और आने वाले चुनावों में संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद की जा रही है.

Related Articles

Back to top button