मुंबई के मेयर ऑफिस, एयरपोर्ट, पीएनबी ब्रांच और बिग बी के बंगले पर धमाके की धमकी

मुंबई में हवाई अड्डे, मेयर कार्यालय, मेगास्टार अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की एक शाखा सहित पूरे महानगर में बम विस्फोटों की धमकी मिलने के बाद गुरुवार सुबह अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा गया था।
अधिकारी ने बताया कि [email protected] के रूप में पहचाने जाने वाले अकाउंट से सुबह 10 बजकर 52 मिनट पर भेजा गया ईमेल पीएनबी मुंबई के जोनल ऑफिस, कफ परेड में स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) और दक्षिण मुंबई में बैंक की झवेरी बाजार शाखा को भेजा गया।
ईमेल की सब्जेक्ट लाइन में मुंबई में पीएनबी की एक शाखा में दोपहर 1.11 बजे हुए बम विस्फोट का उल्लेख किया गया है। इसमें 27 नवंबर और 31 दिसंबर सहित तारीखों का उल्लेख किया गया था, और बम हमलों के धमकी भरे संदर्भ थे।
अधिकारी ने बताया कि ईमेल में मुंबई के बैंकों, छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, महालक्ष्मी स्टेडियम, बच्चन के ‘जलसा’ बंगले, मेयर कार्यालय सहित कई स्थानों का जिक्र करने के अलावा खालिस्तान और खालिस्तान नेशनल आर्मी नाम के एक कथित संगठन का जिक्र किया गया है।
धमकियों की प्रामाणिकता और ईमेल भेजने वाले की वास्तविक पहचान तुरंत ज्ञात नहीं हो पाई है।



