
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को सरकार से ईंधन पंपों पर शुद्ध पेट्रोल और ई20 के बीच चयन करने का विकल्प देने की मांग की और याचिका दायर करने के लिए तीन अगस्त को प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकालने की घोषणा की।
यहां कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में ई20 ईंधन पर टाउन हॉल शैली की बैठक को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि वह सोमवार दोपहर में याचिकाएं एकत्र करेंगे और करीब 100 लोगों के साथ लोक कल्याण मार्ग पर नरेंद्र मोदी के आवास तक मार्च निकालेंगे।
केजरीवाल ने मांग की कि उपभोक्ताओं को ईंधन स्टेशनों पर ई20 और नियमित पेट्रोल के बीच चयन करने की अनुमति दी जाए, और ई20 मिश्रित पेट्रोल की कीमतों में कमी और पेट्रोल की कीमतों में कटौती की मांग की।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार से उस रिपोर्ट को सार्वजनिक करने का भी आग्रह किया, जिसमें दावा किया गया है कि ई20 वाहनों को नुकसान नहीं पहुंचाता है।
उन्होंने कहा, ‘केंद्र का कहना है कि अध्ययन किए गए हैं और ई20 वाहनों को नुकसान नहीं पहुंचाता है। मैं चाहता हूं कि वे उस रिपोर्ट को साझा करें।
राज्यों के लोगों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया और ई20 के उपयोग पर अपने अनुभव और चिंताओं को साझा किया और उन मुद्दों को साझा किया, जिनका उन्होंने अपने वाहनों के साथ सामना करने का दावा किया था।



