अखिलेश यादव ने योगी के 80:20 वाले बयान पर ली चुटकी, बोले- भाजपा सिर्फ 80 सीटों पर लड़ने लायक

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और योगी के 80:20 वाले बयान को लेकर अखिलेश ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है.
SIR पर योगी के बयान को लेकर अखिलेश का सवाल
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक हालिया टीवी इंटरव्यू की क्लिप साझा की. इसमें योगी ने दावा किया था कि SIR प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची से करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब हैं. मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में 1.65 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है
योगी ने 55 लाख लाभार्थियों के नाम कटने का किया था दावा
टीवी इंटरव्यू में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया था कि मतदाता सूची से नाम गायब होने वालों में सरकारी योजनाओं के करीब 55 लाख हिंदू लाभार्थी भी शामिल हैं. इसके अलावा 18 से 19 साल की उम्र के करीब 4.5 लाख मतदाताओं के नाम भी सूची में नहीं हैं.
योगी के 80:20 फॉर्मूले पर भी कसा तंज
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के 80:20 वाले बयान पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि योगी के इस फॉर्मूले का मतलब है कि बीजेपी और NDA गठबंधन उत्तर प्रदेश में सिर्फ 80 सीटों पर ही चुनाव लड़ने लायक है. उन्होंने दावा किया कि PDA गठबंधन NDA से बेहतर साबित होगा.
दरअसल, योगी आदित्यनाथ ने अपने इंटरव्यू में कहा था कि 2027 का विधानसभा चुनाव 80:20 के मुकाबले वाला होगा. उनके मुताबिक, 80 फीसदी मतदाता राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, सुशासन, सुरक्षा और समृद्धि के पक्ष में हैं. ये लोग बीजेपी और NDA का समर्थन करेंगे. बाकी 20 फीसदी मतदाता इन मुद्दों के विरोध में रहने वालों के साथ होंगे.
योगी के इस बयान की राजनीतिक हलकों में अलग-अलग व्याख्या होती रही है. 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भी 80:20 का फॉर्मूला चर्चा में आया था. कुछ राजनीतिक विश्लेषकों ने इसे सांप्रदायिक संकेतों से जोड़कर भी देखा था.



