बिहारराज्य

सम्राट चौधरी पर हमलावर हुए तेजस्वी यादव, मुख्‍यमंत्री के लिए इस्तेमाल किए असंसदीय शब्द

राष्‍ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार में अराजक और विध्वंसक स्थिति का आरोप लगाया है।

बुधवार को बयान जारी कर उन्होंने कहा कि हर स्तर पर माफिया का राज है। इससे दुर्भाग्यपूर्ण क्या होगा कि अपराधी पुलिस की हत्या कर रहे हैं और पुलिस अपनी खामियां छुपाने के लिए निर्दोष नागरिकों की हत्या कर रही है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विरुद्ध तेजस्वी ने असंसदीय शब्दों का प्रयोग किया है। आरोप यह कि बिहार वित्तीय अराजकता, प्रशासनिक कुव्यवस्था, अनुशासनहीनता और राजशून्यता का पर्याय बन चुका है।

मुख्‍यमंत्री पर असंसदीय शब्‍दों का प्रयोग

कुशासन, बदहाल विधि व्यवस्था और भ्रष्टाचार एनडीए सरकार में गहरी व गंभीर संरचनात्मक समस्या बन चुकी है। यह सरकार और समाज के हर स्तर पर प्रत्येक व्यक्ति एवं व्यवस्था को प्रभावित कर रही है।

तेजस्वी का कहना है कि… प्रवृत्ति के … मुख्यमंत्री से बिहार संभल नहीं रहा है, जिससे राज्य में अराजक और विध्वंसक स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। बिहार में गवर्नेंस नाम की कोई चीज ही नहीं है।

मनोनीत मुख्यमंत्री … को अधिकारी गंभीरता से नहीं ले रहे। जन-समस्याओं का निदान, जन-सरोकर और जन-जीवन को बेहतर बनाना मुख्यमंत्री की प्राथमिकता ही नहीं है।

सीएम के शब्‍दकोष में नहीं है नौकरी-रोजगार और विकास

यही कारण है कि लोक कल्याणकारी मुद्दों के बजाय अनुचित मुद्दों को प्राथमिकता दी जा रही। नौकरी-रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य व विधि व्यवस्था, औद्योगिक तथा इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार, टेक्नोलाजी, विकास एवं निवेश तो मुख्यमंत्री के शब्दकोश में ही नहीं हैं।

मुख्यमंत्री के … कारण पुलिस और प्रशासन अनियंत्रित है। भ्रष्टाचार सारी सीमाएं तोड़ चुका है। वोट चोरी से सत्ता में आकर क्या बिहार को बर्बादी के गर्त में धकेलने की मंशा है?

Related Articles

Back to top button