राहु और गुरु के बीच 5 दिसंबर को बनेगा षडाष्टक योग, धन और करियर से जुड़े मामलों को लेकर 2 राशियों को बरतनी होगी सावधानी

राहु ग्रह 5 दिसंबर 2026 को कुंभ राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश कर जाएंगे। राहु के इस गोचर के चलते सिंह में बैठे गुरु के साथ राहु षडाष्टक योग बनाएंगे। ज्योतिष में इस योग को चुनौतीपूर्ण माना जाता है। इस योग के बनने से दो राशियों के जीवन में चुनौतियां पैदा हो सकती हैं। इन राशियों को करियर और धन से जुड़े मामलों को लेकर संभलकर रहना होगा। आइए विस्तार से जान लेते हैं इन राशियों के बारे में।
कन्या राशि
कन्या राशि वालों राहु-गुरु का षडाष्टक योग आपके लिए चुनौतियां लेकर आ सकता है। वर्तमान में गुरु आपके द्वादश भाव यानि हानि के भाव में हैं वहीं राहु 5 दिसंबर को आपके शिक्षा और संतान के भाव में गोचर कर जाएंगे। ऐसे में षडाष्टक योग के बनने से आर्थिक मोर्चे पर परेशानियों का सामना आपको करना पड़ सकता है। अनचाहे खर्चे बजट बिगाड़ सकते हैं। आपको दिसंबर के महीने में किसी भी तरह का निवेश करने से बचना चाहिए। धन का लेन-देन भी सोच-समझकर करें नहीं तो पैसे फंस सकते हैं। कार्यक्षेत्र में भी हर कार्य को सतर्कता से आपको करना होगा। जरूरी कार्यों को कल पर टालेंगे तो आपकी छवि कार्यक्षेत्र में खराब हो सकती है। धैर्य और संयम बनाकर आपको आगे बढ़ने की आवश्यकता होगी। उपाय के तौर पर आपको हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहिए।
कुंभ राशि
मकर में जाते ही राहु आपके द्वादश भाव को प्रभावित करेंगे ऐसे में षडाष्टक योग का बनना आपके लिए भी चुनौतियों का सबब बन सकता है। ऑफिस में होने वाली राजनीति से आपको बचना होगा। वाद-विवाद में पड़कर समय की बर्बादी हो सकती है। अगर नौकरी में बदलाव करने का विचार बना रहे हैं तो किसी अनुभवी व्यक्ति से सालह के बाद ही आगे आपको बढ़ना चाहिए। सेहत या घर के किसी कार्य पर पैसा खर्च हो सकता है, सही बजट बनाकर आपको आगे बढ़ना होगा। पारिवारिक जीवन में लोगों के साथ बातचीत करते समय शब्दों का इस्तेमाल सोच-समझकर करें वरना मनमुटाव किसी सदस्य के साथ हो सकता है। कुंभ राशि के लोगों को अपनी सेहत पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता होगी। उपाय के तौर पर भगवान शिव के मंत्रों का जप आपको करना चाहिए।



