
CM Nayab Saini: प्रदेश की जेलों में कैदियों के लिए चलाये जा रहे स्किल डेवलपमेंट कोर्स, सभी जेलों में स्थापित की जा रही लाइब्रेरी
हरियाणा के CM Nayab Saini ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि जेलों में बंदियों को सकारात्मक अवसर प्रदान करते हुए उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाया जाए। इसी उद्देश्य से जेलों में बंदियों को कौशल विकास, शिक्षा, मनोवैज्ञानिक सहयोग की सुविधाएं दी जा रही हैं, ताकि वे बाहर आकर समाज में पुन: सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें। बंदियों को शिक्षा प्रदान करने हेतु जेलों में स्किल डेवलपमेंट के कोर्स भी चलाये जा रहे हैं तथा उन्हें पढ़ने के लिए लाइब्रेरी की सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
हरियाणा के CM Nayab Saini रेवाड़ी जिला के गांव फिदेड़ी में 50 एकड़ में 95 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई अत्याधुनिक नई जिला जेल परिसर का उद्घाटन करने उपरांत यह जानकारी दी। CM Nayab Saini ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस नई जिला जेल में एक हजार बंदियों को रखने की क्षमता है। इस जेल में आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है, ताकि बंदियों के सुधार व पुनर्वास कार्यक्रम चलाये जा सकें। इस जेल परिसर में प्रशासनिक भवन के अलावा कैदियों व बंदियों के लिए 11 बैरक, 2 सुरक्षा वार्ड, एक उद्योगशाला, एक 30 बैड का अस्पताल, कंट्रोल रूम, भोजनालय तथा गोदाम बनाये गये हैं। साथ ही, रिहायशी परिसर भवन में 74 मकान, एक वार्डर होस्टल, एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, पार्क तथा कम्युनिटी सेंटर का निर्माण किया गया है। इस जेल के सुचारू संचालन के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। महिला कर्मचारियों को भी प्राथमिकता दी गई है, जिससे महिला बंदियों को उचित देखभाल मिल सके।
CM Nayab Saini ने बताया कि प्रदेश की जेलों में 335 वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम स्थापित किये गये हैं, जिनके द्वारा बंदियों की विभिन्न न्यायालयों में ऑनलाइन पेशी करवाई जाती है। प्रदेश की जेलों में प्रवेश से लेकर रिहाई तक तथा उनके रहन-सहन, खानपान, उनकी मुलाकातें, चिकित्सा सुविधाएं, कोर्ट-पेशी व कैंटीन व्यवस्था को पूरी तरह से कम्प्यूटरीकृत किया जा रहा है।
CM Nayab Saini ने कहा कि राज्य में 3 केंद्रीय जेल तथा 17 जिला जेल स्थापित हैं। इनमें 22 हजार 647 बंदियों को रखने की क्षमता है। केंद्रीय जेल अम्बाला, केंद्रीय जेल हिसार व जिला जेल फरीदाबाद, पानीपत, गुरुग्राम, करनाल, झज्जर, रोहतक, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में जेल रेडियो स्टेशन चलाए जा रहे हैं। कठोर एवं गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों के लिए रोहतक में एक अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था एवं तकनीकों से युक्त उच्च सुरक्षा जेल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
जिला जेल परिसर का उद्घाटन करने के उपरांत CM Nayab Saini ने जेल कार्यालयों तथा जेल परिसर का अवलोकन किया। वहीं एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत जेल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उनके साथ जेल एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, विधायक रेवाड़ी श्री लक्ष्मण सिंह यादव, विधायक कोसली श्री अनिल यादव, विधायक बावल डॉ. कृष्ण कुमार व पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने भी पौधारोपण किया।
इस अवसर पर महानिदेशक जेल श्री मोहम्मद अकील, आईजी श्री अशोक कुमार, जेल महानिरीक्षक जगजीत सिंह, हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन कृष्ण कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।



