Mohammad Nawaz: डोपिंग में फंसे पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद नवाज, T20 वर्ल्ड कप में ICC ने पकड़ा, अब लगाया बैन

पाकिस्तान क्रिकेट में एक नया बवाल मच गया है. पाकिस्तानी टीम के ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज को डोपिंग का दोषी पाया गया है, जिसके चलते ICC ने नवाज को 3 महीने के लिए सस्पेंड कर दिया. ICC ने शुक्रवार 17 जुलाई को एक प्रेस रिलीज में इसका खुलासा किया. चौंकाने वाली बात ये है कि नवाज को T20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान हुए डोप टेस्ट में दोषी पाया गया. इसके बाद ICC ने उन्हें ये सजा दी. टी20 वर्ल्ड कप के दौरान पाकिस्तानी टीम का अहम हिस्सा थे और पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेलते हुए नजर आए थे.
वर्ल्ड कप के पहले मैच में हुआ टेस्ट
ICC की ओर से जारी की गई जानकारी के मुताबिक, नवाज का डोप टेस्ट टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच खेले गए मैच के बाद किया गया. ये टी20 वर्ल्ड कप भारत और श्रीलंका में आयोजित हुआ था. पाकिस्तान का पहला ही मैच 7 फरवरी को नीदरलैंड से था, जो कोलंबो में आयोजित हुआ था. वर्ल्ड डोपिंग के नियमों के मुताबिक, टूर्नामेंट के दौरान किसी भी खिलाड़ी का कभी भी मैच के बाद डोप टेस्ट किया जा सकता है. नवाज का भी ऐसा ही टेस्ट हुआ था, जिसकी रिपोर्ट सामने आने पर पाकिस्तानी स्पिनर को दोषी पाया गया.
ICC ने बताया कि नीदलैंड के खिलाफ मैच के बाद नवाज का जो सैंपल लिया गया था, उसमें प्रतिबंधित पदार्थ कारबॉक्सी-टीएचसी (Carboxy-THC) पाया गया था. ये ICC के एंटी डोपिंग कोड का उल्लंघन है. 32 साल के पाकिस्तानी स्पिनर मोहम्मद नवाज ने अपने अपराध को स्वीकार किया लेकिन साथ ही ये भी बताया कि प्रतिबंधित पदार्थ को टूर्नामेंट से पहले इस्तेमाल किया गया था और इसको प्रदर्शन बढ़ाने के उद्देश्य के लिए नहीं किया गया था.
नवाज को मिली सजा, रिकॉर्ड भी रद्द
एंटी डोपिंग कोड के उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर ICC की ओर से नवाज पर 3 महीने का बैन लगा है, जिसकी शुरुआत 1 मई 2026 से मानी गई है. ICC की जानकारी के मुताबिक, नवाज ने इस वक्त से ही अपना अस्थायी निलंबन शुरू कर दिया था. नवाज ने ICC की ओर से दिए गए डोपिंग रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम में हिस्सा लेने का फैसला किया है. इसको देखते हुए ही ढाई महीने के बाद ही उनका ये बैन हटा दिया गया है.
हालांकि, नवाज को अपना रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम पूरा करना होगा, जिसके बाद ही उन्हें अपनी बची हुई सजा से पूरी तरह छूट मिल जाएगी. इतना ही नहीं, पाकिस्तान-नीदरलैंड मैच और उसके बाद 1 मई तक जितने भी मुकाबलों में नवाज ने हिस्सा लिया है, उन सभी से नवाज के रन, कैच और विकेट समेत सभी आंकड़े रद्द कर दिए गए हैं.
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.



