राज्यपंजाब

पंजाब हाई अलर्ट पर: सीएम भगवंत मान ने DGP के साथ की आपात बैठक, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने गोल्डन टेंपल को मिली धमकी के बाद डीजीपी गौरव यादव के साथ उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की।

पंजाब में सुरक्षा को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। सीएम भगवंत मान ने चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास पर राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक के बाद पूरे राज्य में पुलिस को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने सचखंड श्री दरबार साहिब (गोल्डन टेंपल) को धमकी भरे ईमेल मिलने के मामले पर डीजीपी से विस्तृत रिपोर्ट ली और तुरंत प्रभाव से सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के निर्देश जारी किए।

धमकी भरे ईमेल पर सीएम सख्त, कार्रवाई की समीक्षा

बैठक में बताया गया कि ईमेल के जरिए दरबार साहिब को मिली धमकियों के बाद पंजाब पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए कई आवश्यक कदम उठाए हैं। सीएम मान ने कहा कि राज्य में किसी भी प्रकार की शांति भंग करने वाली कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुलिस को हाई अलर्ट, बॉर्डर इलाकों में सख्ती

सीएम भगवंत मान ने बॉर्डर बेल्ट और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने के आदेश दिए हैं। डीजीपी गौरव यादव के साथ बैठक में हाल ही में पदोन्नत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी भी मौजूद थे। सीएम ने सभी जिलों के एसएसपी और पुलिस कमिश्नरों को नाइट चेकिंग, इंटर-स्टेट बॉर्डर सीलिंग, और वाहनों की गहन जांच के निर्देश दिए।

सभी सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ेगी

सीएम भगवंत मान ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थल, मुख्य बाजार और मल्टीप्लेक्स जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती बढ़ाने का आदेश दिया। इसके साथ ही सिविल ड्रेस में पुलिस और खुफिया एजेंसियों को भी सतर्क किया गया है।

एंटी गैंगस्टर और साइबर यूनिट्स की रिपोर्ट भी तलब

बैठक में मुख्यमंत्री ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, साइबर क्राइम यूनिट, ट्रैफिक और लॉ एंड ऑर्डर से संबंधित रिपोर्टें भी मंगवाईं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कानून व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सीएम भगवंत मान ने दी सोशल मीडिया पर जानकारी, अफवाहों से बचने की अपील

बैठक के बाद सीएम भगवंत मान ने अपने X (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर जानकारी साझा करते हुए लिखा,
“पंजाब की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। सभी धार्मिक स्थल हमारे लिए पूजनीय हैं और उनकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। जनता अफवाहों से सतर्क रहें।”

Related Articles

Back to top button