उत्तर प्रदेशराज्य

हापुड़ में अखिलेश यादव का बड़ा एक्शन, जिलाध्यक्ष समेत पूरी कार्यकारिणी की भंग, ओपी राजभर ने कसा तंज!

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के संगठन में फेरबदल का दौर जारी है. इसी बीच हापुड़ में सपा हाईकमान ने बड़ा फैसला लेते हुए जिलाध्यक्ष आनंद उर्फ बबलू गुर्जर को पद से हटा दिया है. इसके साथ ही पूरी जिला कार्यकारिणी भी भंग कर दी गई है. इस कार्रवाई के बाद जिले की सियासत गरमा गई है. चर्चा है कि गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा सीट से सपा की टिकट दावेदार नैना गुर्जर और बबलू गुर्जर के बीच अंदरूनी खींचतान चल रही थी. टिकट की दावेदारी को लेकर शुरू हुई यह रस्साकशी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच गई थी. बताया जा रहा है कि मामला अखिलेश यादव और डिंपल यादव तक भी पहुंचा था. इसके अलावा मुस्लिम कर्मचारियों और मजदूरों के साथ मारपीट के आरोपों को लेकर भी विवाद चर्चा में रहा. अब चुनाव से पहले हापुड़ में संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की तैयारी है.

राजभर ने अखिलेश पर साधा निशाना

सपा के इस फैसले पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट लिखकर सपा के संगठनात्मक फैसलों पर सवाल उठाए. राजभर ने हापुड़ से पहले कन्नौज, एटा, कासगंज और गोरखपुर में हुई संगठनात्मक कार्रवाई का भी जिक्र किया. उन्होंने लिखा, ‘मित्र अखिलेश यादव जी! एक-एक जिला कार्यकारिणी भंग करने से अच्छा है एक साथ देश और प्रदेश दोनों कार्यकारिणी भंग करके खुद भी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दीजिए. कन्नौज, एटा, कासगंज और गोरखपुर के बाद अब हापुड़ पर हंटर चला दिए आप?’ राजभर ने बबलू गुर्जर को जिलाध्यक्ष पद से हटाने और पूरी कार्यकारिणी भंग करने के फैसले पर भी निशाना साधा.

गुंडों और माफियाओं का सिंडिकेट बताया

ओमप्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट में सपा के जिला संगठनों पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने लिखा, ‘जिसे आप कार्यकारिणी कहते हैं, पूरा प्रदेश जानता है कि वो असल में जिला-जिला में फैले गुंडे माफियाओं का सिंडिकेट होता है.’ उन्होंने इसे ‘एक जिला एक माफिया’ वाला सिंडिकेट बताते हुए कहा कि इसे फुटकर में नहीं, बल्कि थोक में खत्म करना चाहिए. राजभर ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आने के साथ सपा के जिलास्तरीय संगठनों में आपसी खींचतान और गैंगवार जैसी स्थिति बनने लगी है. उन्होंने लिखा कि सरकार आने के भ्रम में नेताओं के बीच आपस में ही ‘लत्तम-जुत्तम’ शुरू हो गई है. साथ ही उन्होंने इस पूरे विवाद में ‘चच्चावादी’ लोगों के शामिल होने की बात भी कही.

मुस्लिम युवा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की दी सलाह

राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोड़कर किसी योग्य मुस्लिम युवा को पार्टी की कमान सौंप देनी चाहिए. उन्होंने लिखा, ‘क्या पता आपसे मुंह फुला के बैठा आपके ‘एम’ का दिल आप पर पिघल जाए. एक मुस्लिम युवा नेता को राष्ट्रीय अध्यक्ष बना देने से शायद सपा की थोड़ी बहुत इज्जत चुनाव में बच जाए.’ राजभर ने अपने पोस्ट के आखिर में जय भारत, जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण, जय परशुराम और जय महाराजा सुहेलदेव के नारे भी लिखे. हापुड़ में जिलाध्यक्ष और पूरी कार्यकारिणी को हटाने के फैसले के बीच राजभर के इस हमले ने यूपी की सियासत में नई बयानबाजी शुरू कर दी है. अब देखना होगा कि सपा नेतृत्व इस कार्रवाई के बाद संगठन को किस तरह नए सिरे से तैयार करता है.

Related Articles

Back to top button