अफगानिस्तान से कंबोडिया तक फैली है गणेश महिमा: जानिए भगवान गणेश का वास्तविक, ऐतिहासिक और विराट स्वरूप

गणानां त्वा गणपतिं हवामहे…’ आज से हजारों साल पहले प्राचीनतम ऋग्वेद ने इसी मंत्र के साथ गणों के अधिपति भगवान गणेश का आवाहन किया था। आज हम गणेशजी को सिर्फ एक लोकप्रिय देवता के रूप में जानते हैं, लेकिन उनका वास्तविक और विराट स्वरूप इससे कहीं अधिक व्यापक, ऐतिहासिक और दार्शनिक है। आइए श्रीगणेश से जुड़ी उन अनकही और रोचक परतों को टटोलते हैं, जो इतिहास, पुराण और विज्ञान के पन्नों में दर्ज हैं।

अफगानिस्तान से कंबोडिया तक फैला है भगवान गणेश का प्राचीन इतिहास

अक्सर हम भगवान गणेश को केवल भारतीय संस्कृति तक सीमित मान लेते हैं लेकिन इतिहास इसके बिल्कुल विपरीत गवाही देता है। जिस अफ़ग़ानिस्तान में आज तालिबान का सख्त शासन है, कभी उसी जमीन पर भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा मौजूद थी। संस्कृत अभिलेखों से पता चलता है कि वहा राजां खिंगाल द्वारा ‘महाविनायक’ की स्थापना की गई थी। सीमाओं की यह सरहद यहीं नहीं मिटती बल्कि कंबोडिया के प्राचीन मंदिरों में आपको गणपति की अनगिनत प्राचीन प्रतिमाएं मिल जाएंगी। इतना ही नहीं, तिब्बती बौद्ध परंपरा में भी उन्हें धन और अनुष्ठानिक सिद्धि के एक प्रमुख देवता के रूप में पूजा जाता है।

आदर्श पुत्र और महाज्ञाता

वह बालक, जो अपनी माता की निजता और आदेश की रक्षा के लिए अपने पिता तक से युद्ध में भिड़ जाता है। जिसने यह स्थापित किया कि माता-पिता की सेवा से बढ़कर इस पूरी धरती पर कोई दूसरा तीर्थ नहीं है। तो वहीं ऐसा विद्वान, जिसने वेद व्यास के मुख से निकली हुई वाणी को बिना रुके लिखते हुए महाभारत नामक पुस्तक का रूप दिया।

शक्ति और बुद्धि का अनूठा मेल

हाथी की अपार शक्ति और विशाल शरीर से लैस श्रीगणेश की सवारी एक छोटा सा मूषक है। यह केवल एक पौराणिक कल्पना नहीं, बल्कि प्रकृति का संतुलन है। आज आधुनिक विज्ञान भी हाथियों की संज्ञानात्मक क्षमताओं (सीखने, समझने और चीजों को याद रखने की क्षमता) पर दशकों से लगातार प्रयोग कर रहा है। विशालता और सूक्ष्मता का यह मेल बुद्धि और प्रकृति के संतुलन का सबसे बड़ा संदेश देता है।

सबसे बड़ा रहस्य: वही बाधा हैं और वही रक्षक भी

गणपति को विघ्नहर्ता की जगह विघ्न पैदा करने वाला माना गया है। जो शक्ति बाधा उत्पन्न करती है, वही उसे दूर भी करती है। आप मानव गृह्यसूत्र या याज्ञवल्क्यस्मृति पढ़ेंगे तो पाएंगे कि विनायक तो विघ्नों के अधिपति हैं, उनका प्रभाव लक्ष्य-प्राप्ति में असफलता दिलाता है – अतः, उन्हें प्रसन्न करने के लिए अनुष्ठान आवश्यक है और वो स्वयं ही विघ्नहर्ता बनकर सारे बाधाओं का नाश कर देते हैं। वही बाधा भी है, वही बाधाओं से रक्षा भी। यही है विनायक का संपूर्ण स्वरूप!

तुलसीदास जी ने क्या कहा?

भगवान गणेश के इसी समग्र और मंगलकारी स्वरूप का वर्णन करते हुए गोस्वामी तुलसीदास जी ने बेहद सुंदर पंक्तियां लिखी हैं:

सिद्धि-सदन, गज-बदन, बिनायक। कृपा-सिंधु, सुंदर, सब-लायक॥

मोदक-प्रिय, मुद-मंगल-दाता। बिद्या-बारिधि, बुद्धि-बिधाता॥

इसका अर्थ है कि गणेशजी सभी सिद्धियों के घर, गजमुख, विघ्ननाशक, कृपा के सागर और हर कार्य को योग्य बनाने वाले हैं। वे मोदक प्रिय होने के साथ-साथ भक्तों के जीवन में खुशियां और मंगल लाने वाले तथा बुद्धि-विद्या के विधाता हैं। भगवान गणेश का यह बहुआयामी रूप हमें सिखाता है कि शक्ति, बुद्धि और संकट-सबका नियंत्रण उसी एक सर्वोच्च ऊर्जा के हाथ में है।

↑
Exit mobile version