यूपी: शाहजहांपुर में नशे में धुत डॉक्टर ने की सर्जरी, गर्भवती महिला की मौत

शाहजहांपुर जिले के एक निजी अस्पताल में कथित तौर पर शराब के नशे में एक डॉक्टर ने गर्भवती महिला की सर्जरी की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शाहजहांपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भावे ने शुक्रवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि पुवायन थाना क्षेत्र के ककरहा गांव की रहने वाली जूली (22) को प्रसव पीड़ा हुई थी। उनका परिवार 8 सितंबर को उन्हें एक निजी एम्बुलेंस से एक सरकारी अस्पताल ले जा रहा था, जब पुवायन पहुंचने पर ड्राइवर एक निजी अस्पताल के सामने रुका और उन्हें वहां डॉक्टर से परामर्श करने का सुझाव दिया।
दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए भवरे ने कहा कि अस्पताल में मौजूद डॉ. फिरोज ने तुरंत शहर से डॉ. केपी को बुलाया। आरोप है कि डॉ. केपी नशे की हालत में थे, फिर भी उन्होंने जूली का ऑपरेशन किया।
अधिकारी ने बताया कि 8-9 सितंबर की दरमियानी रात को एक बच्चे को जन्म देने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद डॉक्टर ने उसे बरेली ले जाने की सलाह दी।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार शाम को पुलिस ने डॉ. केपी और डॉ. फिरोज के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या के लिए सजा) के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी।



