भारत

एसआईआर विवाद: मुंबई पुलिस ने 2 अक्टूबर को सीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार किया

मुंबई पुलिस ने रविवार को उच्च न्यायालय के निर्देशों, नागरिक मंजूरी की कमी और यातायात बाधित होने की संभावना का हवाला देते हुए चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शिवाजी पार्क में 2 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया।

एक अधिकारी ने बताया कि अभिजीत दीपके के नेतृत्व वाले संगठन के प्रदर्शन की अनुमति मांगने के लिए कार्यकर्ता अजिंक्य शिंदे ने 26 सितंबर को पुलिस को एक आवेदन सौंपा था।

शिवाजी पार्क पुलिस थाने की ओर से जारी औपचारिक पत्र में कहा गया है कि पुलिस विभाग को उच्च न्यायालय के मौजूदा आदेशों और राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत मैदान में सार्वजनिक सभाओं की अनुमति देने का अधिकार नहीं है।

पत्र में यह भी बताया गया है कि आवेदक मैदान के उपयोग के लिए बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) से अनिवार्य अनुमति पत्र जमा करने में विफल रहा।

इसमें कहा गया है कि शिवाजी पार्क आवासीय क्षेत्रों से घिरा एक साइलेंस जोन है, जो ध्वनि प्रदूषण के बारे में महत्वपूर्ण चिंताएं पैदा करता है।

इसके अलावा, अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से गंभीर यातायात जाम होने की संभावना है और आसपास के कई प्रमुख अस्पतालों में आपातकालीन वाहनों की आवाजाही बाधित हो सकती है।

आयोजक को मुंबई के भीतर वैकल्पिक स्थानों की तलाश करने की सलाह देते हुए, पुलिस ने कहा कि यदि किसी अन्य स्थान के लिए एक नया आवेदन प्रस्तुत किया जाता है, तो सक्षम प्राधिकारी लागू नियमों और विनियमों के अनुसार इस पर विचार करेगा।

सीजेपी ने पहले घोषणा की थी कि वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग और कुमार के खिलाफ शिवाजी पार्क से राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू करेगा।

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के बाद कुमार के खिलाफ लामबंदी की गई है जिसमें कहा गया है कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने एसआईआर के संबंध में फैसलों और आदेशों पर कई मौकों पर आपत्ति जताई थी.

हालांकि, चुनाव आयोग ने कहा है कि अलग-अलग विचार और टिप्पणियां संस्थागत विचार-विमर्श का एक सामान्य हिस्सा हैं और उसके आदेशों को पूरी कानूनी मंजूरी है और वे वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हैं।

Related Articles

Back to top button