
जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। करवंदिया पहाड़ी के गायघाट व गिजुआही मौजा में चिह्नित पत्थर खदानों में खनन जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
मंगलवार शाम डीएम दीपक कुमार मिश्रा, एसपी मिस्टर राज, जिला खनिज विकास अधिकारी मुकेश कुमार, सदर एसडीएम प्रिया रानी समेत अन्य अधिकारियों ने दोनों खदान क्षेत्रों का जायजा लिया।
दो ब्लॉक की जल्द होगी बंदोबस्ती
अधिकारियों के इस निरीक्षण को प्रस्तावित बंदोबस्ती प्रक्रिया से जोड़कर देखा जा रहा है। जिला प्रशासन ने लगभग डेढ़ दशक से बंद करवंदिया पहाड़ी की पत्थर खदानों को फिर से शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
फिलहाल गायघाट और गिजुआही मौजा में एक-एक ब्लॉक में खनन शुरू करने की तैयारी है। इन दोनों ब्लॉक की बंदोबस्ती से संबंधित सूचना जल्द प्रकाशित किए जाने की उम्मीद है।
प्रस्तावित दोनों ब्लॉक में करीब 31 एकड़ क्षेत्र में खनन कार्य किया जाएगा। इसके अलावा वन विभाग से प्राप्त दो अन्य ब्लॉक में भी बंदोबस्ती की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। इससे करवंदिया पहाड़ी के खनन क्षेत्र में गतिविधियां फिर बढ़ने की संभावना है।
क्रशर संचालन के लिए भी नए नियम
खनन कार्य के साथ क्रशर मशीनों के संचालन को लेकर भी प्रशासन ने नियम तय किए हैं। अब क्रशर मशीन चलाने की अनुज्ञप्ति उन्हीं लोगों को दी जाएगी, जिनके नाम पर संबंधित खदान की बंदोबस्ती होगी। इसका उद्देश्य खदान और क्रशर संचालन को एक ही व्यवस्था के तहत रखने का है।
मंगलवार को अधिकारियों ने खनन क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं और संबंधित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। बंदोबस्ती की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही दोनों ब्लॉक में खनन कार्य शुरू होने का रास्ता साफ होगा।



