
हिलसा निवासी आशीष कुमार ने एलआईसी म्यूचुअल फंड एसेट मैनेजमेंट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (MD) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का पद संभाल लिया है।
उनकी नियुक्ति 26 सितंबर से प्रभावी हुई है। आशीष कुमार को निवेश, कारोबार संचालन, वितरण, विपणन और संस्थागत नेतृत्व के क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव है।
एमडी एवं सीईओ की जिम्मेदारी संभालने से पहले वह एलआईसी म्यूचुअल फंड में मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) के पद पर कार्यरत थे।
इस दौरान उन्होंने परिचालन क्षमता मजबूत करने, कारोबारी दक्षता बढ़ाने और कंपनी के रणनीतिक लक्ष्यों से जुड़े कार्यों में जिम्मेदारी निभाई।
इससे पहले आशीष कुमार भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) में विभिन्न वरिष्ठ पदों पर कार्य कर चुके हैं। एलआईसी के केंद्रीय कार्यालय में उन्होंने चीफ (इन्वेस्टमेंट) और सेक्रेटरी (इन्वेस्टमेंट) जैसी जिम्मेदारियां संभालीं।
हिलसा के शहद कुआं मोहल्ले के निवासी
आशीष कुमार हिलसा के शहद कुआं मोहल्ले के मूल निवासी हैं। उन्होंने सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद भारतीय प्रबंधन संस्थान, अहमदाबाद (IIM Ahmedabad) से पोस्ट ग्रेजुएट एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम पूरा किया।
वह इंश्योरेंस इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के फेलो हैं। इसके साथ ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) से प्रमाणित मार्केट प्रोफेशनल भी हैं।
तीन दशक के अनुभव के बाद नई जिम्मेदारी
वित्तीय सेवा क्षेत्र में लंबे अनुभव के बाद आशीष कुमार को अब एलआईसी म्यूचुअल फंड एसेट मैनेजमेंट लिमिटेड के एमडी एवं सीईओ की जिम्मेदारी मिली है।
निवेश और संचालन से जुड़े विभिन्न पदों पर काम करने के बाद उन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली है।



