उत्तर प्रदेशराज्य

UPPSC PCS 2025: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट किया रद्द, मेंस और इंटरव्यू पर भी पड़ेगा असर

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश पीसीएस 2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द हो गया है. अब चयन प्रक्रिया एक बार फिर नए सिरे से शुरू होगी. कोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) को नए सिरे से परिणाम जारी करने और उसके आधार पर मुख्य परीक्षा कराने का निर्देश दिया है.

इस फैसले का असर उन अभ्यर्थियों पर भी पड़ेगा, जो प्रारंभिक परीक्षा पास करने के बाद मेंस और इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं. अब तक मेंस परीक्षा हो चुकी थी और इंटरव्यू भी कराया जा चुका था. फाइनल रिजल्ट पर पहले से ही हाईकोर्ट ने रोक लगा रखी थी. अब प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द होने के बाद पुराने मेंस और इंटरव्यू के आधार पर चयन नहीं होगा.

याचिकाकर्ताओं की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता अभिषेक शुक्ला ने फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि मामला ओपन कैटेगरी में आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को जगह देने के नियम से जुड़ा था.

ओपन कैटेगरी की परिभाषा पर था पूरा विवाद

इस मामले में मुख्य विवाद ओपन यानी अनारक्षित श्रेणी में अभ्यर्थियों को शामिल करने के तरीके को लेकर था. आयोग का कहना था कि ओपन कैटेगरी में केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को रखा जाएगा, जिन्होंने किसी तरह के आरक्षण का लाभ नहीं लिया है.

याचिकाकर्ताओं ने आयोग की इस व्यवस्था को चुनौती दी थी. उनका तर्क था कि ओपन कैटेगरी सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए होती है. अगर आरक्षित वर्ग का कोई अभ्यर्थी अपनी मेरिट के आधार पर अनारक्षित श्रेणी की कटऑफ में जगह बना लेता है तो उसे भी ओपन कैटेगरी में शामिल किया जाना चाहिए.

अधिवक्ता अभिषेक शुक्ला के मुताबिक, हाईकोर्ट ने आयोग की ओपन कैटेगरी की परिभाषा को स्वीकार नहीं किया. कोर्ट का मानना है कि ओपन कैटेगरी किसी एक वर्ग का कोटा या आरक्षित सीटों का अलग हिस्सा नहीं है. यह सभी वर्गों के लिए खुली होती है. इसमें जगह पाने का आधार अभ्यर्थी की मेरिट होनी चाहिए.

सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का भी दिया गया हवाला

याचिकाकर्ताओं की ओर से सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के अलग-अलग फैसलों का हवाला दिया गया. दलील दी गई कि ओपन कैटेगरी का मतलब सभी वर्गों के लिए खुला अवसर है. इसमें आरक्षित और अनारक्षित, दोनों वर्गों के ऐसे अभ्यर्थियों को जगह मिलनी चाहिए, जो निर्धारित मेरिट हासिल करते हैं.

याचिकाकर्ताओं का कहना था कि केवल आरक्षित वर्ग से आने के कारण किसी मेधावी अभ्यर्थी को ओपन कैटेगरी से बाहर नहीं किया जा सकता. हाईकोर्ट ने इस दलील को स्वीकार करते हुए आयोग की ओर से अपनाई गई व्यवस्था को सही नहीं माना. यही विवाद पीसीएस 2025 की प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को चुनौती देने की वजह बना. कोर्ट ने अब प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम ही रद्द कर दिया है.

अब पुराने मेंस और इंटरव्यू का क्या होगा?

इस फैसले के बाद सबसे बड़ा सवाल उन अभ्यर्थियों को लेकर है, जो पहले ही मेंस और इंटरव्यू दे चुके हैं. अधिवक्ता अभिषेक शुक्ला ने स्पष्ट किया कि पुराने मेंस और इंटरव्यू का अब चयन प्रक्रिया में कोई मतलब नहीं रह जाएगा.

आयोग को पहले प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम नए सिरे से जारी करना होगा. संशोधित परिणाम में जिन अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया जाएगा, उन्हें नए सिरे से मेंस परीक्षा देनी होगी. इसके बाद मुख्य परीक्षा में सफल और मेरिट में आने वाले अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा.

Related Articles

Back to top button