सपा के मैनिफेस्टो पर सीएम योगी का पहला रिएक्शन, 25 लाख नौकरी के वादे पर अखिलेश को घेरा

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सरकारी नौकरियों को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है. समाजवादी पार्टी ने 26 नवंबर को अपना चुनावी घोषणापत्र जारी किया. इसमें पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया गया है. पार्टी के इस वादे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव से उनके कार्यकाल का हिसाब मांग लिया.
योगी ने कहा कि अखिलेश यादव को पहले बताना चाहिए कि जब उनकी पार्टी चार बार प्रदेश की सत्ता में रही, तब कितने युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए गए. उन्होंने सपा के 25 लाख नौकरियां देने के वादे पर भी सवाल उठाए. मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि उनकी सरकार जिस रफ्तार से नियुक्ति पत्र दे रही है, उसे सैफई सिंडिकेट गिन भी नहीं पाएगा.
25 लाख नौकरियों के वादे पर क्या बोले योगी?
समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणापत्र का नाम ‘सत्ताइस का संकल्प : PDA का प्रणपत्र – जन-मन का मेनिफेस्टो 2027’ रखा है. इसमें रोजगार को प्रमुख मुद्दा बनाया गया है. पार्टी ने पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने के साथ दूसरे क्षेत्रों में दो से तीन करोड़ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने का वादा किया है.
घोषणापत्र में यह भी कहा गया है कि सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख खाली सरकारी पदों को भरने का फैसला लिया जाएगा. भर्ती परीक्षाओं के लिए हर साल कैलेंडर जारी करने और एक चरण वाली भर्ती तीन महीने में पूरी करने का वादा भी किया गया है. दो से तीन चरणों वाली भर्ती छह महीने में पूरी करने की बात कही गई है.
योगी आदित्यनाथ ने इसी वादे को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “जब वो कह रहे थे कि हम 30 लाख नौजवानों को नौकरी देंगे, तो ये बताओ कि जब सत्ता में थे, तब क्या किया था?”
मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव से पूछा कि उनकी चार बार की सरकार में कितने युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए. उन्होंने कहा कि सपा को अपने पुराने कार्यकाल का हिसाब भी जनता को बताना चाहिए. योगी के मुताबिक, उनकी सरकार जिस रफ्तार से नियुक्ति पत्र बांट रही है, उसे सैफई सिंडिकेट गिन भी नहीं पाएगा. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सैफई सिंडिकेट सिर्फ नोट गिनने के अलावा कुछ गिनते ही नहीं.”
योगी का यह बयान लखनऊ में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान आया. यहां उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) से चयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर चयन का मुद्दा उठाया.
पुरानी पेंशन के मुद्दे पर भी सपा को घेरा
सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने के सपा के वादे पर भी योगी ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सपा को यह भी बताना चाहिए कि नई पेंशन योजना (NPS) किसने लागू की थी.
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि साल 2005 में नई पेंशन योजना समाजवादी पार्टी की सरकार ने लागू की थी. उनका कहना था कि आज कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने की बात करने से पहले सपा को अपने शासनकाल के फैसलों का जवाब देना चाहिए.
सपा ने अपने घोषणापत्र में सरकार बनने पर कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का वादा किया है. यह मुद्दा सरकारी कर्मचारियों के बीच लंबे समय से चर्चा में है.
सपा के घोषणापत्र में और क्या-क्या वादे हैं?
सपा ने अपने घोषणापत्र में सिर्फ सरकारी नौकरियों को ही मुद्दा नहीं बनाया है. किसानों, महिलाओं, छात्रों और सरकारी कर्मचारियों के लिए भी कई घोषणाएं की हैं.
पार्टी ने किसानों का पूरा कर्ज माफ करने और 23 फसलों के साथ दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने का वादा किया है. गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का फंड बनाने और 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही है.
महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया गया है. ग्रामीण परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और खेतों की सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने की घोषणा भी शामिल है.
छात्रों को 12वीं पास करने पर मुफ्त लैपटॉप देने, गरीबों और PDA वर्ग के लोगों के लिए पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराने वाली समाजवादी कैंटीन खोलने और गरीबों को मुफ्त इलाज देने का वादा किया गया है. पार्टी ने जातिगत जनगणना कराने और 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित और PDA वर्ग को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की बात भी कही है.
सपा के घोषणापत्र में किए गए इन वादों पर बीजेपी की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं. योगी आदित्यनाथ ने रोजगार और पुरानी पेंशन के मुद्दे पर अखिलेश यादव को उनके पुराने कार्यकाल की याद दिलाई है.



